
Indore-Dog Murder : इंदौर में एक बार फिर कुत्ते की हत्या का मामला सामने आया है, शहर की क्लर्क कॉलोनी में एक शख्स ने डॉगी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी ने कुत्ते के शव को खुले में सड़क पर फेंक दिया गया। इंदौर में एक महीने के अंदर कुत्ते को मारने की यह दूसरी दर्दनाक घटना है। घटना की जानकारी मिलते ही पीपुल्स फॉर एनिमल्स की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने केस दर्ज कराया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। कुछ दिन पहले लसूड़िया इलाके में निरजंनपुर स्थित एक बिल्डिंग में एक अज्ञात व्यक्ति ने सड़क पर घूमने वाले एक पालतू डॉगी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी ने बिल्डिंग के छठे माले से डॉगी को फेंका था।
मामला दर्ज आरोपी की तलाश शुरू
जानकारी के अनुसार शहर की क्लर्क कॉलोनी में एक काले रंग के डॉगी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। उसके बाद आरोपी ने कुत्ते के शव को उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इसकी शिकायत कुछ पशु प्रेमियों ने पीपुल्स फॉर एनिमल्स की टीम को दी, मौके पर टीम पहुंची और उन्होंने कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिये पशु चिकित्सालय पहुंचाया। इसके बाद टीम के सदस्य परदेशीपुरा थाने पहुंचे जहां उन्होंने मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने केस दर्ज कर डॉगी की हत्या करने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बुधवार को ग्वालियर में भी इसी तरह का मामला सामने आया है यहाँ भी कुत्ते के करीबन पिल्लों को ब्रेड में जहर देकर मार डाला गया।
