
Indore News : मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा इंदौर और ग्रामीण क्षेत्र में अगले 10 वर्षों तक बिजली व्यवस्था सुधर सके इसके लिए 175 करोड रुपए की कार्य योजना तैयार की गई है। इसके अलावा, खजराना क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल डालने की योजना को भी स्वीकृति दी गई है। रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत, इंदौर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 175 करोड़ के कार्य करवाए जाएंगे।
अंडर ग्राउंड केबल डालने की मिली मंजूरी
मिली जानकारी के मुताबिक, नए कार्यों से आगामी दस वर्षों की बिजली वितरण व्यवस्था सुदृढ़ीकृत होगी। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने बताया कि इस योजना के तहत नए ग्रिड, क्षमता वृद्धि, नए वितरण ट्रांसफार्मर, अंडर ग्राउंड केबल, केपेसिटर बैंक, मिक्स फीडर का विभक्तिकरण, पुराने कंडक्टर (तारों) की बजाए ज्यादा क्षमता के नए तार लगाने का कार्य किया जाएगा। जिसके लिए खजराना क्षेत्र में अंडर ग्राउंड केबल डालने की योजना को मंजूरी मिल गई है।
13 नए ग्रिड किए जाएंगे तैयार
बता दें कि 35 ग्रिडों पर केपेसिटर बैंक लगाए जाएंगे। 33/11 केवी के 13 नए ग्रिड तैयार किए जाएंगे। साथ ही, शहर एवं ग्रामीण इलाकों में नए वितरण ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 1400 किमी लाइनों के पुराने तार हटाकर नए तार (कंडक्टर) लगाए जाएंगे, ये तार ज्यादा क्षमता के होंगे। ग्रामीण क्षेत्र के मिक्स फीडरों का विभक्तिकरण किया जाएगा। अब कृषि की बिजली के लिए शत प्रतिशत पृथक फीडर होंगे और अन्य उपयोग के लिए अलग से फीडर होंगे।
इंदौर से मंगल राजपूत की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

