कार टकराने की बात पर युवक का अपहरण, लूट कर छोड़ा, पुलिस ने गिरफ्तार किये आरोपी

पुलिस ने बताया कि पांच में से चार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मिला है, शहर के अलग अलग थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ विभिन्न अपराध दर्ज है, पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
Police Station Tejaji Nagar Indore

Police Station Tejaji Nagar Indore

क्या कार टकराने की बात पर कोई किसी का अपहरण कर सकता है फिर उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दे सकता है…सुनकर आश्चर्य लगेगा लेकिन ये सही है, ऐसा हुआ है और ये मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में हुआ है, हालाँकि पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की है जहां मंगलवार रात में कार से बाइक सवार युवक को टक्कर मारने के बाद कार सवार युवकों ने बाइक सवार का अपहरण किया उसे बहुत देर तक शहर में घुमाते रहे कार में मारपीट करते रहे और फिर उसकी सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट, चैन लूटकर उसे छोड़ दिया।

एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फरियादी तनिष्क ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मंगलवार रात वह कार से कैलोद पाटा जा रहा था तभी पीछे से एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह नीचे उतरकर देखने लगे तो दूसरी कार से तीन लोग उतरे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद आरोपियों ने तनिष्क को जबरदस्ती कार में बैठा लिया।

अपहरण कर शहर में घुमाया, लूट कर छोड़ दिया 

तनिष्क ने बताया कि उन युवकों ने उसे बायपास पर करीब आधे घंटे तक घुमाया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की  और सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट, घड़ी और महंगा चश्मा उतरवा लिया। इसके बाद आरोपियों ने मायाखेड़ी इलाके में युवक को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। अपहरण और लूट की घटना संज्ञान में आने के बाद पुलिस तत्काल एक्टिव हुई और सीसीटीवी चैक कर आरोपियों की तलाश की।

पुलिस ने पांचों आरोपी गिरफ्तार किये 

सर्चिंग के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान की और फिर पांचों आरोपी नितेश, अर्जुन, संजय, विजय और सुखविंदर को पकड़ लियाऔर इनके कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी बरामद कर ली है जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पांच में से चार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मिला है, शहर के अलग अलग थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ विभिन्न अपराध दर्ज है, पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews