
यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन ने भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा (UPSC IFS Main 2025) का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। इसमें उम्मीदवार का नाम, रजिस्ट्रेशन आईडी, रोल नंबर परीक्षा वर्ष, हस्ताक्षर, फोटोग्राफ, परीक्षा केंद्र का नाम व पता और जरूरी गाइडलाइंस उपलब्ध होगी। कैंडीडेट्स आधिकारिक वेबसाइट http://upsc.gov.in पर जाकर हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। यूपीएससी ने प्रवेश पत्र में सभी डिटेल को सत्यापित करने की सलाह दी है। यदि किसी प्रकार की गलती या गड़बड़ी दिखती है, तो उम्मीदवार इसकी जानकारी तुरंत आयोग को ईमेल upsc@nic.in. के जरिए दे सकते हैं।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए लॉग इन क्रेडेंशियल जैसे की रजिस्ट्रेशन आईडी/रोल नंबर, जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन दर्ज करना होगा। कैंडिडेट्स को इसकी हार्ड कॉपी के साथ परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना होगा। जो भी उम्मीदवार आवंटित परीक्षा स्थल पर जांच के लिए हॉल टिकट प्रस्तुत नहीं करेगा, उसे एग्जाम में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट http://upsc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर UPSC IFS Main e-Admit Card के लिंक पर क्लिक करें।
- जरूरी दिशानिर्देशों को पढ़ें और आगे बढ़ें।
- स्क्रीन पर नया पेज खुलेगा। रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर के जरिए लॉग इन ऑप्शन को चुनें।
- जरूरी जानकारी दर्ज करें और “Submit” बटन पर क्लिक करें।
- एडमिट कार्ड का पेज खुलेगा। सारी जानकारी सही-सही दर्ज करें। फिर इसे डाउनलोड कर लें।
- भविष्य के संदर्भ में कैंडीडेट्स प्रवेश पत्र का प्रिन्ट आउट जरूर निकाल लें और इसे सुरक्षित रखें।
कब होगी परीक्षा?
इंडियन फॉरेस्ट सर्विस मेंस एग्जाम का आयोजन 16 नवंबर से लेकर 23 नवंबर के बीच देश भर के विभिन्न शहरों में किया जाएगा। इस बीच केवल 17 नवंबर को ही कोई पेपर नहीं होगा। एग्जाम दो शिफ्टों में आयोजित होने वाला है। पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे तक चलेगी। मुख्य परीक्षा में कुल 6 डिस्क्रिप्टिव पेपर होते हैं, प्रत्येक के लिए 3 घंटे का समय मिलेगा। जनरल इंग्लिश (पेपर-1) और जनरल नॉलेज (पेपर-2) 300-300 अंक का होता है। वहीं ऑप्शनल सब्जेक्ट से चार पेपर होते हैं, प्रत्येक पेपर 200 अंक का होता है। कुल परीक्षा 1400 अंकों की होती है। इसमें चयनित उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।

