भोपाल कॉलेज लव जिहाद मामले में एक्शन में राष्ट्रीय महिला आयोग, पुलिस अधिकारियों से की मुलाकात, छात्राओं के परिजन से भी करेंगे मुलाकात

भोपाल के प्राइवेट कॉलेज में सामने आए लव जिहाद और यौन शोषण के मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग एक्शन मोड में आ गया है। आयोग की तीन सदस्यीय टीम तीन दिन तक भोपाल में रहकर पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर रही है और पीड़ित छात्राओं व उनके परिवार से भी मुलाकात करेगी।
भोपाल कॉलेज लव जिहाद

भोपाल के एक प्राइवेट कॉलेज में सामने आए लव जिहाद और रेप केस ने प्रदेशभर में हड़कंप मचा दिया है। वहीं अब इस गंभीर मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने मोर्चा संभाल लिया है। महिला आयोग की टीम तीन दिन के दौरे पर भोपाल पहुंची है और उसने सबसे पहले पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर केस की जानकारी ली। टीम की अगली कोशिश पीड़ित छात्राओं से मिलकर उनका पक्ष सुनने की है। इसके साथ ही आयोग छात्राओं के परिवारजनों से भी बातचीत करेगा।

दरअसल राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम इस मामले में हर पहलू को समझने के लिए भोपाल आई है। टीम ने शनिवार को एक निजी होटल में पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें केस की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई।

पीड़ित छात्राओं की काउंसलिंग करने की भी तैयारी

वहीं महिला आयोग द्वारा अब पीड़िताओं से मिलने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग की प्राथमिकता है कि पीड़ित छात्राओं की काउंसलिंग की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया जाए। आयोग के सदस्यों का कहना है कि वे इस बात को सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हों। इसके लिए कॉलेज प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राज्य सरकार को जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे। आयोग उन कारणों को भी समझने की कोशिश कर रहा है जिनकी वजह से छात्राएं चुप रहीं और गैंग को इतनी छूट मिलती रही।

मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया

जानकारी दे दें कि भोपाल लव जिहाद केस के मुख्य आरोपी फरहान को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। दरअसल फरहान पर आरोप है कि उसने भोपाल के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ने वाली कई छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाकर उनका यौन शोषण किया, उन्हें ब्लैकमेल किया और धमकियां दीं। इस गिरोह के खिलाफ एक-एक कर कई पीड़िताएं सामने आ रही हैं। पांचवीं पीड़िता ने हाल ही में बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिससे यह साफ है कि मामला और भी बड़ा हो सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews