MP Weather : उत्तरी हिस्से में कोहरा, आंधी-बारिश से हो सकती है फरवरी की शुरुआत, 3 दिन का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा वेदर?

MP Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है और 1 से 3 फरवरी तक आंधी व बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद ठंड का असर एक बार फिर बढ़ने की संभावना है।
mp Weather :

शनिवार सुबह मध्य प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का असर देखने को मिला। जबलपुर, टीकमगढ़ के साथ ग्वालियर, रीवा समेत करीब 20 जिलों में हल्के से घने कोहरे की स्थिति बनी रही। कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता काफी कम रही और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे के बाद अब प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। 1, 2 और 3 फरवरी को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। इसका ज्यादा असर ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में देखने को मिलेगा।

शुक्रवार को कहां कैसा रहा मौसम

शनिवार सुबह सतना में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता केवल 50 मीटर तक दर्ज की गई। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, रीवा और सिंगरौली में भी कोहरे का असर रहा। भोपाल और आसपास के इलाकों में सुबह धुंध छाई रही। रात के समय भोपाल और ग्वालियर समेत करीब 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान राजगढ़ में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 2 से 5 फरवरी के बीच यह सिस्टम फिर सक्रिय रहेगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी बना रहेगा। इसी कारण 10 फरवरी तक कहीं-कहीं बारिश के आसार बने हुए हैं।

1 से 3 फरवरी तक बारिश का अलर्ट

1 फरवरी: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
2 फरवरी: नीमच, मंदसौर के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है।
3 फरवरी: ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, सतना और रीवा समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट।

सिस्टम जाएगा, ठंड फिर लौटेगी

मौसम विभाग का कहना है कि जब बारिश और आंधी का सिस्टम आगे बढ़ेगा, तब प्रदेश में ठंड का एक और दौर देखने को मिलेगा। दिन और रात के तापमान में फिर गिरावट आएगी और ठंड का असर दोबारा बढ़ सकता है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews