
BJP leader and his wife murdered in Ujjain : उज्जैन में एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव उनके मकान में पाए गए। माना जा रहा है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से उनके घर में घुसे होंगे और इसी दौरान दोनों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
बीजेपी नेता और उनकी पत्नी की हत्या
घटना उज्जैन के देवास रोड स्थिति पिपलोदा गांव की है। बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच रामनिवास कुमावत अपनी पत्नी मुन्नी कुमावत के साथ यहां रहते थे। इनका बेटा देवास में रहता है और गांव वाले घर में सिर्फ पति पत्नी रहते थे। बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंचऔर उनकी पत्नी मुन्नीबाई शुक्रवार रात घर में अकेले थे। तभी अचानक लूट की नीयत से कुछ लोग घर में घुसे और उन्होंने रामनिवास और उसकी पत्नी की धारदार हथियारों से हत्या कर दी। रामनिवास कुमावत रोज मॉर्निंग वॉक के लिए जाते थे। आज सुबह काफी देर तक वो घर से बाहर नहीं निकले तो गांव में ही रहने वाले उनके रिश्तेदार ने घर जाकर देखा। वहां पहुंचकर उसके होश उड़ गए। वहां पति पत्नी दोनों के शव पड़े थे। रामनिवास कुमावत दो बार के पूर्व सरपंच रह चुके थे और वो 150 बीघा जमीन के किसान थे। जानकारी के मुताबिक वो करोड़पति थे और उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर भी था।
उज्जैन में डबल मर्डर होने की चर्चा सुबह से ही चारों ओर फैल गई थी जिसको लेकर अलग-अलग बातें भी कहीं जा रही थी कोई कह रहा था कि दंपति को गोली मारी गई है तो कोई अन्य तरीके से इन्हें करने की बात कह रहे थे। लेकिन पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि हत्याकांड धारदार हथियार से हुआ है घटनास्थल पर कोई भी फायर नहीं हुआ है। हत्या में धारदार हथियारों की पुष्टि हुई है लेकिन गोली मारकर हत्या की गई या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। मृतक रामनिवास कुमावत के दो पुत्र हैं लेकिन उनके साथ गांव में कोई नहीं रहता था। पुलिस इस बात का भी पता लग रही है कि क्या हत्याकांड को अंजाम देने वाले लोगों को इसकी जानकारी थी कि दंपति घर में अकेले रहते हैं इसीलिए उन्हें आसानी से मार दिया गया।
हमलावरों ने सीसीटीवी डैमेज किए
इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी आज सुबह जैसे ही नरवर थाना प्रभारी मुकेश जारदार को लगी तो उन्होंने तुरंत इस घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एफएसएल की टीम पहुंची जो की जांच करने में जुटी हुई थी। पुलिस घर की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी धारदार हथियार से हत्या की आशंका है। गन शॉट इंजरी नहीं मिली है। घर काफी अस्त व्यस्त स्थिति में है और सीसीटीवी फुटेज भी डैमेज किए गए हैं। फिलहाल फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की तहकीकात कर रही है। इस घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक्स पर लिखा है कि ‘उज्जैन में भाजपा नेता श्री रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी की हत्या की खबर ने प्रदेश की क़ानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छिन्दवाड़ा और सिवनी में पुलिस कर्मियों की हत्या और रतलाम में थाने से टीआई की जीप चोरी होने के बाद अब मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र में भाजपा नेता की ही हत्या होना प्रदेश के हालात बयान करते हैं। मैं मुख्यमंत्री जी से अनुरोध करूँगा कि प्रदेश में क़ानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सार्थक कदम उठाएँ और अपराधियों को कड़ी सजा देकर मध्यप्रदेश को सबके लिये सुरक्षित प्रदेश बनाने की दिशा में काम करें।’
[dgv_vimeo_video id=”906944823″]
उज्जैन में भाजपा नेता श्री रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी की हत्या की खबर ने प्रदेश की क़ानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
छिन्दवाड़ा और सिवनी में पुलिस कर्मियों की हत्या और रतलाम में थाने से टीआई की जीप चोरी होने के बाद अब मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र में भाजपा नेता की ही हत्या…
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) January 27, 2024
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

