वर्दीधारी टीआई ने छूए वीडी शर्मा के पैर, कांग्रेस ने साधा निशाना तो बीजेपी ने पलटवार करते हुए कही ये बात

वर्दीधारी टीआई ने छूए वीडी शर्मा के पैर, कांग्रेस ने साधा निशाना तो बीजेपी ने पलटवार करते हुए कही ये बात

उज्जैन,डेस्क रिपोर्ट। महाकाल की नगरी उज्जैन के माधव नगर टीआई और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वर्दीधारी टीआई प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के पैर छूते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के प्रकाश में आने के बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है।

कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा द्वारा वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया गया जिसमें वह लिखते हैं कि DGP साहब,उज्जैन माधव नगर TI श्री दिनेश प्रजापति ,जो शनिवार को उज्जैन पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री वीडी शर्मा की आगवानी में वर्दी में पैर छू रहे हैं,नेताजी उन्हें देख भी नहीं रहे है! प्रजापति जी से प्रजा क्या उम्मीद रखे,इन पर कोई कार्रवाई होगी?

कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा द्वारा साधे गए निशाने पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता और भोपाल के पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा एक ब्राह्मण है। हमारे संस्कारों में ब्राह्मणों को प्रणाम किया जाता है। मैं भी ब्राह्मण के पैर छूता हूं, क्योंकि अड़े रहोगे तो खड़े रहोगे, जितना झुक सकोगे उतना आगे बढ़ोगे। आलोक संजर आगे कहते हैं कि टीआई द्वारा वीडी शर्मा के पैर छूना कोई गलत काम नहीं है। कांग्रेस बिना मतलब के मामले को बढ़ा रही है। पूर्व सांसद आगे कहते है कि बिना मतलब के मामले को तूल देने की जगह कांग्रेस को खुद को मजबूत करने पर काम करना चाहिए।

ये भी पढ़े- अब गो फिनाइल से धूलेंगे सरकारी दफ्तर, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

गौरतलब है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उज्जैन नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे, जहां वीडी शर्मा के स्वागत में खड़े टीआई दिनेश प्रजापति ने उनके गाड़ी से नीचे उतरते ही उनके पैर छू लिए। वर्दी पहने थानेदार द्वारा वीडी शर्मा के पैर छूने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया।

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब कोई पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर नेताओं के पैर छूते हुए नजर आया हो। अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल होते हैं जहां वर्दी पहने पुलिस अफसर द्वारा राजनीतिक दलों के नेताओं के पैर छूए जाते हैं। हाल ही में कटनी जिले के टीआई द्वारा वन मंत्री विजय शाह के पैर छूए गए थे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, वही उसे कुछ दिन पहले एक पुलिसकर्मी द्वारा राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह के पैर छूने के मामले ने तूल पकड़ा था।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews