
Innovation to follow traffic rules in Mandsaur : ट्रैफिक नियमों का पालन करना कितना जरुरी है, ये हम सब जानते हैं। लेकिन मानते कितने हैं ? सड़क पर होने वाले हादसे इस बात के सबूत है कि लोग अब भी इन नियमों को लेकर कितनी लापरवाही बरतते हैं। ट्रैफिक पुलिस लगातार ऐसे लोगों की धरपकड़ भी करती हैं और उनके चालान भी काटे जाते हैं ताकि उन्हें सबक मिल सके और वो आगे से यातायात नियमों का पालन कर सकें।
लेकिन मंदसौर पुलिस ने इसे लेकर एक नवाचार किया है। हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं पहनने वालोंं से यहां निबंध लिखवाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ये नवाचार किया जा रहा है।। थाना यातायात मंदसौर द्वारा ऐसे लोगों से ‘हेलमेट पहनने के लाभ’ ‘सीट बेल्ट लगाने के लाभ’ विषय पर निबंध लिखाया जा रहा है। मजेदार बात ये कि जिनकी लिखावट ठीक नहीं है उनसे दोबारा लिखवाया जा रहा है। इतना ही नहीं..ये लोग जब बैठकर निबंध लिख रहे हैं उस समय उन्हें बाकायदा चाय नाश्ता भी कराया जा रहा है। और खास बात ये कि इन लोगों पर कोई चालानी कार्रवाई नहीं हो रही है। सिर्फ निबंध लिखवाकर और आगे से नियमों का पालन करने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ रहे हैं।
“चालानी नहीं चाय नाश्ता” के साथ समझाईश के इस नए तरीके को मंदसौर विधायक ने भी सराहा है। यशपाल सिसौदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि “दो पहिया वाहन चालकों की “चलानी नहीं चाय नाश्ता” के साथ खातिर गिरी और समझाइए का नवाचार मंदसौर एसपी श्री अनुराग सुजानिया के निर्देश पर मंदसौर मुख्यालय पर किया जा रहा है, इसमें वाहन चालकों से हेलमेट की अनिवार्यता क्यों को लेकर फार्म भरवाए जा रहे हैं।”
दो पहिया वाहन चालकों की "चलानी नहीं चाय नाश्ता" के साथ खातिर गिरी और समझाइए का नवाचार @mandsaur_sp श्री अनुराग सुजानिया के निर्देश पर मंदसौर मुख्यालय पर किया जा रहा है, इसमें वाहन चालकों से हेलमेट की अनिवार्यता क्यों को लेकर फार्म भरवाए जा रहे हैं।@drnarottammisra @DGP_MP pic.twitter.com/pz9luRmDiT
— Yashpal Singh Sisodiya, (@ypssisodiya) July 29, 2023

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

