लाईनमैन की मनमर्जी से ग्रामीण परेशान, छह माह से अंधेरे में रहने को मजबूर

लाईनमैन की मनमर्जी से ग्रामीण परेशान, छह माह से अंधेरे में रहने को मजबूर

करेली। जनपद पंचायत चांबर पाठा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डूंगरिया के ग्रामीण बिजली न मिल पाने के कारण परेशान हो रहे हैं। ग्राम डूंगरिया में बिजली की समस्या पिछले 6 महीनों से बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि हम लोगों द्वारा इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करने के बाद भी बिजली की समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया है। बिजली का वोल्टेज कम ज्यादा होने की वजह से आए दिन टीवी, पंखा और बल्ब समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण खराब हो रहे है। 

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम डुंगरिया में जो लाइनमैन काम कर रहा है, वह अपनी मनमर्जी से आता है और चला जाता है। बताया जा रहा है कि इस लाइनमैन के द्वारा एक हेल्पर रखा गया है जोकि विद्युत मंडल के बिना परमिशन के काम कर  रहा है और आए दिन ग्रामीणों को परेशान करता रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि हेल्पर आए दिन बिजली देने के नाम पर अवैध वसूली भी करता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत की है पर शिकायत करने के बाद भी ग्राम डूंगरिया में बिजली की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कनिष्ठ यंत्री पी के लोधी से बात करने पर उहोंने कहा कि यह बात मेरे संज्ञान में आई है, इसको दिखाता हूं। ग्राम डूंगरिया के लाइनमैन पूरन लाल कहार से संपर्क करने  पर उसने कहा कि इस संबंध में मैंने शिकायत कर दी है, मैं क्या कर सकता हूं ।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews