26 जनवरी 2024 IMD मौसम अपडेट : दिल्ली सहित उत्तर भारत में कड़ाकेदार ठंड, हिमाचल प्रदेश में बर्फ़बारी की संभावना

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 26 January 2024 : उत्तर भारत के राज्यों में अभी कड़ाकेदार सर्दी का दौर जारी है, कोहरे, शीतलहर और ठंडी हवाओं ने गलन वाली सर्दी का अहसास कम नहीं किया है, आईएमडी ने अभी उत्तर भारत के कई राज्यों में कुछ दिन घने कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी जारी की है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 30 जनवरी तक घने कोहरे की संभावना  

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि 30 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड और राजस्थान के अलग-अलग इलाके 27 जनवरी को घने कोहरे से प्रभावित होने की संभावना है। बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा राज्यों को भी इस अवधि के दौरान घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

इन राज्यों में शीतलहर और कोल्ड डे की चेतावनी 

वहीं उत्तर भारत के विभिन्न हिस्से शीत लहर की चपेट में रहने की आशंका है, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और पश्चिमी राजस्थान में 29 जनवरी तक कोल्ड डे से गंभीर कोल्ड डे की स्थिति देखी जा सकती है। उसके बाद अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है, मौसम विभाग ने कहा है कि दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप 31 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

आंध्र, कर्नाटक और अन्य स्थानों पर बारिश की संभावना  

मौसम विभाग ने बारिश का अपडेट जारी करते हुए कहा है कि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से दक्षिण ओडिशा तट तक एक ट्रफ के कारण अगले 24 घंटों में उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में अगले 2 दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews