अमित शाह ने ट्रेड डील पर राहुल गांधी को घेरा, किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाकर दी खुली बहस की चुनौती

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस के हमलों का जवाब देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा है। गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया और राहुल गांधी को बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष से बहस करने की खुली चुनौती दी।
Amit Shah

गांधीनगर: भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर जारी सियासी घमासान में अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए शाह ने गुजरात से उन्हें खुली चुनौती दी है। उन्होंने कांग्रेस पर किसानों के मुद्दे पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया।

अमित शाह ने यह बयान गुजरात में देश की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्घाटन करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसका नेतृत्व लगातार झूठ की राजनीति कर रहे हैं।

राहुल गांधी को युवा मोर्चा अध्यक्ष से बहस की चुनौती

ट्रेड डील पर राहुल गांधी के बयानों को लेकर अमित शाह ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने राहुल गांधी को एक ओपन चैलेंज देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर बीजेपी के युवा मोर्चा अध्यक्ष के साथ सार्वजनिक मंच पर चर्चा कर सकते हैं।

“मैं राहुल गांधी जी को चैलेंज करता हूं। कोई भी मंच तय कर लें। बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष आकर आपसे चर्चा कर लेंगे। नुकसान किसने किया।”- अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

शाह ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों ट्रेड डील्स में देश के किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है और किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है।

UPA और NDA के किसान बजट की तुलना

अमित शाह ने आंकड़ों के जरिए कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि मोदी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

शाह ने कहा, “कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी संसद में किसानों की बात करते हैं। आपने किसानों का कितना अनाज यूपीए के 10 साल में खरीदा? हमने आपसे 15 गुना ज्यादा अनाज एमएसपी पर खरीदा है।”

उन्होंने आगे कहा कि यूपीए के समय किसानों का बजट महज 26 हजार करोड़ रुपये था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाकर 1 लाख 29 हजार करोड़ रुपये कर दिया है। शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में सिर्फ कर्ज माफी का ‘झुनझुना’ पकड़ाया, जबकि मोदी जी पिछले 10 साल से हर किसान के बैंक खाते में 6 हजार रुपए भेज रहे हैं ताकि उन्हें कर्ज लेने की नौबत ही न आए।

‘किसानों के हितों से समझौता नहीं’

गृहमंत्री ने देश के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में उनके हितों को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मैं इस मंच से किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं। राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। मोदी जी ने दोनों ट्रेड डील में किसानों को सुरक्षित रखा है। पशुपालक, मछुआरों और किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि बीजेपी सरकार में आपके हितों का कोई नुकसान नहीं होगा।”

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews