
आज बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए पहले फेज़ की वोटिंग की प्रक्रिया जारी है। शाम 5:00 बजे तक 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होगा। बता दें कि आज 121 सीटों पर होने वाली वोटिंग में 104 सीटों पर सीधा मुकाबला रहने वाला है, वहीं 17 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पहला फेज़ बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि बिहार में कुल 243 सीटें हैं, जिन पर दो फेज़ में चुनाव कराया जा रहा है। 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे जारी किए जाएंगे।
बिहार में किसकी सरकार बनेगी, यह बिहार के मतदाता इन दो फेज़ में तय करेंगे। वहीं पहले फेज़ की वोटिंग के दौरान ईवीएम खराब होने की जानकारी मिली है। जानकारी के मुताबिक दानापुर के बूथ नंबर 196 में ईवीएम खराब होने की सूचना मिली, जिसके चलते वोटिंग में रुकावट देखने को मिली।
तेजस्वी यादव, लालू यादव, राबड़ी देवी वोट डालने पहुंचे
दरअसल पहले फेज़ की वोटिंग में बड़े-बड़े नेता भी वोट डालने पहुंच रहे हैं। पटना के वेटरनरी कॉलेज बूथ पर तेजस्वी यादव, लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री मतदान करने पहुंचीं। इस दौरान मीडिया ने राबड़ी देवी से सवाल किया, जिस पर राबड़ी देवी ने कहा कि इस बार बदलाव होगा। सब अपना वोट डालें और चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। वहीं मुजफ्फरपुर में तीन बूथों पर चुनाव का बहिष्कार किया गया है। लोग वोट करने नहीं पहुंचे और बूथ सेंटर पूरी तरह खाली नजर आया।
पहला फेज़ बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण
वहीं दरभंगा में देर रात एक युवक को एक लाख रुपये के कैश के साथ पकड़ा गया, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पहला फेज़ बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहले फेज़ में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। आज की वोटिंग में कुल 3.75 करोड़ वोटर वोट डालेंगे। आज वोटिंग के लिए 45,341 बूथ बनाए गए हैं। पहला फेज़ इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी जैसे बड़े नेता मुकाबले में हैं। दो डिप्टी सीएम समेत 18 मंत्रियों के भविष्य का फैसला भी पहले फेज़ में जनता करेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले फेज़ में कुल 1,98,35,225 पुरुष मतदाता शामिल रहेंगे, जबकि 1,76,77,219 महिला वोटर वोट डालेंगी। 7,37,765 पहली बार वोट डालने वाले 18 से 19 साल के युवा मतदाता हैं, जबकि 5 करोड़ से ज्यादा वोटर 60 साल से अधिक उम्र के हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

