बिहार कांग्रेस द्वारा जारी पीएम मोदी और उनकी मां के AI वीडियो पर विवाद, पवन खेड़ा ने कहा ‘मां के अपमान का आरोप निराधार’

एक तरफ बीजेपी फिर से कांग्रेस पर प्रधानमंत्री की मां का अपमान करने का आरोप लगा रही है वहीं कांग्रेस ने कहा है कि इस वीडियो में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। पवन खेड़ा ने कहा कि नसीहत देना माता पिता का कर्तव्य होता है और इसमें अपमान की बात कहां से आ गई। इसी के साथ उन्होंने सवाल किया कि जब बीजेपी बार बार नेहरू जी का अपमान करती है तब ये सवाल क्यों नहीं उठता है।
Congress Pawan Khera

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक 36 सेकंड का एआई जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां जैसे दिखने वाले पात्र दिखाए गए हैं। इसे लेकर अब बीजेपी फिर से कांग्रेस पर पीएम मोदी की मां के अपमान का आरोप लगा रही है।

लेकिन इस आरोप पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने कहा है कि इसमें किसी का भी अपमान कैसे हुआ है। माता पिता का कर्तव्य होता है कि वो बच्चों को नसीहत देते हैं। वहीं उन्होंने ये सवाल भी किया कि बीजेपी कहती है कि प्रधानमंत्री की मां स्वर्गवासी हो गई है तो वे बताएं कि नेहरू जी को स्वर्गवासी हुए तो कितना अरसा हो गया है। फिर भी बीजेपी बार बार उनका अपमान करती रहती है।

बिहार कांग्रेस के AI जनरेटेड वीडियो पर विवाद

बिहार कांग्रेस ने पीएम मोदी और उनकी मां जैसे दिखने वाले किरदारों के साथ एक एआई जनरेटेड वीडियो शेयर किया है। इसके कैप्शन में लिखा है ‘साहब के सपनों में आईं माँ’। इस वीडियो में सोते हुए पुत्र के सपने में उनकी मां को उन्हें डांटते हुए दिखाया गया है। मां कह रही हैं कि ‘बेटा पहले तुमने मुझे नोटबंदी की लंबी लाइनों मे खड़ा किया। मेरे पैर धोने की रील बनवाई और अब बिहार में मेरे नाम पर राजनीति कर रहे हो। तुम मेरे नाम के बैनर पोस्टर छपवा रहे हो। राजनीति के नाम पर कितना गिरोगे।’

बीजेपी ने जताई आपत्ति

इस वीडियो को लेकर कई बीजेपी नेता विरोध कर रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एएनआई के साथ बात करते हुए कहा कि एक कहावत है हम नहीं सुधरेंगे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने कसम खा ली है कि हम नहीं सुधरेंगे। पहले उनकी यात्रा के दौरान पीएम मोदी की मां का अपमान किया गया और अब एक बार फिर एआई निर्मित आपत्तिजनक वीडियो बनाकर प्रधानमंत्री जी की दिवंगत मां का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इनको सुधार दिया है, बिहार की जनता ने भी सुधार दिया है लेकिन ये फिर भी नहीं सुधर रहे हैं। अब एक बार फिर आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इनका सूपड़ा साफ करेगी।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस ने इस वीडियो को लेकर हो रहे विवाद को निराधार बताया है और कहा है कि इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। पवन खेड़ा ने एएनआई के साथ बात करते हुए कहा कि ‘इसमें बीजेपी को आपत्ति क्या है। इसमें किसका अपमान हुआ। नसीहत देना माता पिता का कर्तव्य होता है। अगर माता पिता नसीहत देते हैं तो ये उनका अपमान तो नहीं होता है। नसीहत लेने वाला अगर उसको अपना अपमान मान लें तो ये उसकी समस्या है। इस वीडियो में पीएम मोदी की मां के प्रति एक भी अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर चुनाव से पहले अपनी माताजी को ले आते हैं और मुद्दा बनाते हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि बीजेपी कहती है कि पीएम मोदी की मां स्वर्गवासी हो गई हैं..उन्हें क्यों बीच में लाते हैं। नेहरू जी को स्वर्गवासी हुए कितने साल हो गए। वो तो अपमान करते हैं नेहरू जी का। हम तो उनकी मां के सम्मान में..जो एक माता पिता कर्तव्य है वो दिखा रहे हैं। इस तरह कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि इस वीडियो में कुछ भी ऐसा नहीं है जिसपर बीजेपी को आपत्ति हो।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews