हरियाणा चुनाव के नतीजों को लेकर वीडी शर्मा ने कहा ‘जनता ने राहुल गांधी की जलेबी बना दी है’, बोले ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने इतिहास बनाया’

हरियाणा चुनाव में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाती दिख रही है। इसके बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने राहुल गांधी के जलेबी वाले बयान पर चुटकी ली है। बता दें कि राहुल गांधी ने सोनीपत के गोहाना में एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान से "मातूराम हलवाई" की जलेबी खाई और उसकी प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि इस जलेबी को इतनी प्रसिद्धि मिलनी चाहिए कि इसे दुनिया भर में बेचा जाए और जलेबी के लिए फैक्ट्री बनाई जानी चाहिए।
BJP celebrates Haryana Assembly Elections lead

Haryana Assembly Elections 2024 : हरियाणा विधानसभा चुनाव के अभी तक के नतीजे और रुझान इस बार की ओर संकेत कर रहे हैं कि बीजेपी वहां हैट्रिक बनाने जा रही है। हालांकि स्पष्ट रुप से तस्वीर देर शाम तक ही साफ़ होगी, लेकिन अब तक की स्थिति देखकर बीजेपी में उत्साह है। मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मौके पर कहा कि आज हरियाणा में और पूरे देश में जश्न का माहौल है। इसी के साथ उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ‘हरियाणा की जनता ने उनकी जलेबी बना दी है।’

वीडी शर्मा ने हरियाणा चुनाव के नतीजों पर खुशी जताते हुए जलेबी से बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं का मुँह मीठा कराया। इस बार हरियाणा के विधानसभा चुनाव जिन कारणों से याद किए जाएंगे..उनमें ‘जलेबी’ भी एक बड़ा फ़ैक्टर रहेगी। राहुल गांधी के जलेबी को लेकर दिए गए बयान पर जिस तरह सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर चला और सोशल मीडिया पर ये विषय ट्रेंड हुआ..उसका भी इन नतीजों को लेकर विश्लेषण किया जाएगा।

क्या है हरियाणा चुनाव का ‘जलेबी फैक्ट्री’ मामला

दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने सोनीपत के गोहाना में एक मशहूर मिठाई की दुकान “मातूराम हलवाई” की जलेबी खाई और उसकी जमकर तारीफ की। इसके बाद उन्होंने कहा कि इस जलेबी की इतनी प्रसिद्धि होनी चाहिए कि इसे पूरी दुनिया में बेचा जाए। उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि जलेबी बनाने के लिए फैक्ट्री भी बननी चाहिए। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हलचल मच गई, और भारतीय जनता पार्टी ने उनका मजाक उड़ाते हुए कहा कि राहुल गांधी जलेबी को लेकर भी “उलझे” हुए हैं।

बीजेपी नेताओं और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने राहुल गांधी के इस जलेबी को लेकर कारखानों की बात पर कटाक्ष किए, उन्हें “जलेबी फैक्ट्रियों” की बात करने वाला बताया। इस मजाक के जवाब में कांग्रेस समर्थकों ने जलेबी बनाने के आधुनिक तरीकों और मशीनों के वीडियो साझा कर राहुल का समर्थन किया। हालांकि, चुनाव के नतीजों में बीजेपी की बढ़त से यह कहा गया कि राहुल की “जलेबी” योजना कांग्रेस के लिए चुनावी लाभ नहीं ला सकी है।

वीडी शर्मा ने ली जलेबी पर चुटकी, कहा ‘बीजेपी ने इतिहास बनाया’

अब मध्य प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जलेबी खाते और खिलाते हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों और रुझान पर खुशी ज़ाहिर की है। उन्होंने जलेबी वाली बात पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘राहुल गांधी तो फैक्ट्री में जलेबी बना रहे थे। तो हरियाणा की जनता ने कहा कि राहुल गांधी जी जलेबी फैक्ट्री में तो नहीं बनती है लेकिन आपकी जलेबी हम ज़रूर बना देते हैं। तो हरियाणा की जनता ने राहुल गांधी की ही जलेबी बना दी। आज जश्न का माहौल है। पूरे देश में, हरियाणा में, जम्मू कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ता उत्साह और उमंग के साथ पीएम मोदी जी, अमित शाह जी और जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में हमने इतिहास बनाया है।’

[dgv_vimeo_video id=”1017464448″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews