‘आप’ की जीत पर बजा बीजेपी नेता का गीत, मनोज तिवारी के ‘रिंकिया के पापा’ पर झूमे कार्यकर्ता

‘आप’ की जीत पर बजा बीजेपी नेता का गीत, मनोज तिवारी के ‘रिंकिया के पापा’ पर झूमे कार्यकर्ता

Delhi MCD Election Results 2022 : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की ऐतिहासिक जीत का जश्न कार्यकर्ताओं द्वारा देशभर में मनाया जा रहा है। कहीं लड्डू बंट रहे हैं तो कहीं डांस हो रहा है। ‘आप’ इसे ’15 साल के बीजेपी के भ्रष्टाचार का खात्मा’ बता रही है और कह रही है कि दिल्ली की जनता ने देशभर को संदेश दिया है। दिल्ली एमसीडी में 15 साल से काबिज़ बीजेपी (BJP) पर आप की झाड़ू चल गई है और खास बात ये कि कार्यकर्ता इसका जश्न बीजेपी नेता का गीत बजाकर ही मना रहे हैं।

आप कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता है। इस जीत के बाद जगह जगह से उनके जश्न मनाने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। इसी बीच एक वीडियो तेजी से वायरल (video viral) हो रहा है जिसमें आप कार्यकर्ता ‘रिंकिया के पापा’ गाने पर झूमकर नाच रहे हैं। खास बात ये कि ये गाना बीजेपी सांसद और गायक-अभिनेता मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने गाया है। बता दें कि बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तरी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी एमसीडी के वार्ड नंबर 231 घोंडा में रहते हैं। इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रीति गुप्ता ने जीत हासिल की है। लेकिन एमसीडी पर आप का कब्जा हुआ है और इस खुशी में उनके कार्यकर्ता जिस गीत पर नाच रहे हैं, वो बीजेपी नेता का है।

अभी तक कहा जाता था कि संगीत की कोई भाषा नहीं होती है। लेकिन अब ये भी कह सकते हैं कि संगीत का कोई दल भी नहीं होता है। भले ही वो घोर विपक्षी हो, लेकिन जब बात संगीत की आती है तो सारे मतभेद भुला दिए जाते हैं और पार्श्व में रह जाता है विशुद्ध आनंद। इस वीडियो में हम देख सकते हैं कि आम आदमी पार्टी की टोपी पहने हुए कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं और पीछे एक बड़ी स्क्रीन पर ‘रिंकिया के पापा’ गाना बज रहा है जिसमें मनोज तिवारी भी नजर आ रहे हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews