Budget 2024: बजट 2024 की तैयारी पूरी, वित्त मंत्री ने पूरी की हलवा सेरेमनी, अधिकारियों का कराया मुंह मीठा, पढ़ें यह खबर

Budget 2024: दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित केंद्रीय वित्त मंत्रालय में बजट से संबंधित दस्तावेज़ों की छपाई शुरू होने से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंत्रालय के अधिकारियों का मुंह मीठा कराया।
Budget 2024: बजट 2024 की तैयारी पूरी, वित्त मंत्री ने पूरी की हलवा सेरेमनी, अधिकारियों का कराया मुंह मीठा, पढ़ें यह खबर

Budget 2024: केंद्रीय बजट 2024-25 पेश किए जाने की सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। दरअसल बजट से संबंधित दस्तावेज़ों की छपाई शुरू होने से पहले, बीती शाम (16 जुलाई) को परंपरागत हलवा सेरेमनी आयोजित की गई। बता दें कि यह कार्यक्रम दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित केंद्रीय वित्त मंत्रालय में हुआ, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंत्रालय के अधिकारियों का मुंह मीठा कराया।

हलवा सेरेमनी की परंपरा

दरअसल हलवा सेरेमनी भारतीय वित्त मंत्रालय में एक पारंपरिक रस्म है, जिसे बजट की तैयारी का आरंभ माना जाता है। इस सेरेमनी में हलवा पकाया जाता है और इसे मंत्रालय के सभी कर्मचारियों में बांटा जाता है। शुभ कार्य की शुरुआत मीठे से करने के उद्देश्य से यह रस्म मनाई जाती है। हलवा सेरेमनी के बाद बजट की छपाई की प्रक्रिया शुरू होती है, और इस दौरान प्रिंटिंग में शामिल सभी अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ को मंत्रालय में बंद कर दिया जाता है। यह प्रक्रिया इसलिए अपनाई जाती है ताकि बजट की गोपनीयता बनी रहे।

वित्त मंत्री का रिकॉर्ड

बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार सातवीं बार बजट पेश करने वाली हैं, जिससे वे ऐसा करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। वहीं इससे पहले की बात की जाए तो मोरारजी देसाई ने लगातार छह बजट पेश किया था। दरअसल यह बजट नई सरकार का पहला पूर्ण बजट होने वाला है, जबकि सरकार ने अंतरिम बजट फरवरी में पेश किया था। हालांकि बजट सत्र 22 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा।

हलवा सेरेमनी का वीडियो और आयोजन

जानकारी के अनुसार इस इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया गया है, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बड़ी लोहे की कड़ाही में बने हलवे के साथ नजर आ रही हैं। इसके साथ ही वित्त मंत्री द्वारा मंत्रालय के अधिकारियों को हलवा परोसती हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड, पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण 2021 और 2022 में यह रस्म नहीं निभाई गई थी। उन वर्षों में, कोर कर्मचारियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मिठाई भेजी गई थी। हलवा सेरेमनी भारतीय वित्त मंत्रालय की एक अनूठी परंपरा है, जो बजट प्रक्रिया की शुरुआत को चिह्नित करती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews