शुरू हुए चार धाम यात्रा के रजिस्ट्रेशन, घर बैठे ऑनलाइन करें अपना पंजीकरण

19 अप्रैल से चार धाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज से शुरू हो चुकी है। चलिए जान लेते हैं कि किस तरह से पंजीकरण करवाया जा सकता है।
Char Dham Yatra 2026

विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियों का दौर तेज हो गया है। इस यात्रा के लिए पंजीकरण आज यानी 6 मार्च से शुरू हो चुका है। जो भी श्रद्धालु चार धाम यात्रा पर जाना चाहते हैं उन्हें सबसे पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

सबसे अच्छी बात यह है कि श्रद्धालु घर बैठे बहुत आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। पर्यटन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। आज सुबह 7 बजे से वेबसाइट और मोबाइल एप पर पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी गई है। अगर आप भी यात्रा पर जाना चाहते हैं तो ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

कब शुरू होगी यात्रा

इस वर्ष चार धाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होने वाली है। यात्रा की शुरुआत होने के साथ अलग-अलग तिथियों पर सभी धामों के कपाट खुलेंगे। 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलेंगे। 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

कैसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

यात्रा में शामिल होने वाले हर श्रद्धालु का पंजीकरण होना जरूरी है। इसके लिए उन्हें पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationtouristcare.uk.gov.in पर जाना होगा। इसके अलावा मोबाइल एप Tourist Care Uttrakhand से भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी होगा शुरू

जो श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करवा सकेंगे उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी। यह रजिस्ट्रेशन यात्रा से 2 दिन पहले यानी 17 अप्रैल से शुरू हो जाएंगे। इसके लिए हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर, ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप में खास पंजीकरण काउंटर बनाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं के लिए खास सुविधा

प्रशासन ने यात्रा के दौरान बेहतर प्रबंधन करने और सुरक्षा सहित सभी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा है। पंजीकरण प्रक्रिया सरल रहे इसके लिए भारतीय श्रद्धालुओं को आधार कार्ड से रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। वहीं विदेशी श्रद्धालु ईमेल आईडी के जरिए पंजीकरण करवा सकते हैं।

टोल फ्री नंबर भी जारी

यात्रा के दौरान अगर किसी तरह की परेशानी आती है तो पर्यटन विभाग द्वारा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 01351364 जारी किया गया है। इस नंबर पर 24 घंटे सहायता उपलब्ध रहेगी। कॉल करके यात्री यात्रा से जुड़ी सभी तरह की जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया और आवश्यक मदद प्राप्त कर सकते हैं। देश विदेश जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews