Cyber Crime : सोशल मीडिया पर पोस्ट लाइक कर पैसे कमाने का लालच, अकाउंट से उड़े 20 लाख

Cyber ​​Crime

Cyber Crime : तकनीक जैसे जैसे उन्नत हो रही है, हमारा जीवन आसान होता जा रहा है। आज ज्यादातर काम एक क्लिक की दूरी पर हैं। स्मार्टफोन ने हमारी जीवनशैली हो भी स्मार्ट बना दिया है। लेकिन यही तकनीक कुछ लोगों के लिए ठगी और लूट का ज़रिया भी बन गई है। साइबर क्राइम के नए नए तरीके ईजाद किए जा रहे हैं और स्कैमर्स लोगों को अपने झांसे में फंसाने के लिए जाल बिछाए बैठे हैं।

आसान तरीके से पैसे कमाने का लालच

हालिया मामला है पुणे का जहां एक आईटी प्रोफेशनल के साथ लाखों की ठगी की गई। अविनाश कृष्णकुट्टी कुन्नुबरम नाम के व्यक्ति के पास मार्च 2023 में एक अनजान नंबर से मैसेज आया जिसमें कहा गया था कि सोशल मीडिया पर पोस्ट को लाइक और शेयर करके वो पैसे कमा सकते हैं। पीड़ित को ये तरीका काफी आसान लगा और वो इस जाल में फंस गया। शुरुआत में उसने कुछ टास्क पूरे किए और इसकी एवज़ में उसे कुछ रुपयों का रिटर्न भी मिला।

20 लाख से ज्यादा की ठगी

इसके बाद जब स्कैमर्स ने उसका भरोसा जीत लिया तो वो आगे बढ़े। विक्टिम को लालच दिया गया कि अगर वो paid task खरीदता है तो उसे ज्यादा लाभ होगा और हाई रिटर्न मिलेगा। इस तरह धीरे धीरे उसके अकाउंट से पैसे खाली होने लगे। ठगी का ये सिलसिला नौ महीने तक चला और पीड़ित के अकाउंट से 20 लाख 32 हजार से ज्यादा राशि उड़ा ली गई। दिसंबर 2023 में उसे अहसास हुआ कि उसके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है और फिर उसने पुलिस में शिकायत की। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन ये घटना एक बार फिर हमें सावधान करती है कि इज़ी मनी के लालच में आकर कभी भी किसी अनजान की बातों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। साइबर क्राइम का बहुत विस्तार हो गया है और लोग नए नए तरीकों से आपको फंसाने की कोशिश कर सकते हैं। लेकिन किसी भी तरह का संदेह होने पर सबसे पहले पुलिस में शिकायत करना चाहिए, यही इस जाल से बचने का सही रास्ता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews