भारत मंडपम में AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस का शर्ट उतारकर प्रदर्शन, ट्रेड डील का जताया विरोध, पुलिस की हिरासत में 5 लोग

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे 5 कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Youth Congress

नई दिल्ली: राजधानी के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में बुधवार को अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। यहां भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच होने वाले व्यापार समझौते का विरोध करने पहुंच गए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसे उतारकर उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन उस समय हुआ जब अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम चल रहा था। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए उन्हें रोका। इस घटना के बाद पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि वे कार्यक्रम स्थल के अंदर पास के जरिए घुसे थे या क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया था।” सुरक्षा में हुई इस चूक की भी जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भिड़े BJP और कांग्रेस

इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए यूथ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X हैंडल से सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम’ के खिलाफ एक विरोध बताया।

“जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है। पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और कंप्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।”- भारतीय युवा कांग्रेस

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस घटना को बेहद शर्मनाक करार दिया है। बीजेपी ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने लिखा, “राजनीतिक विरोध एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं। भारत इससे बेहतर का हकदार है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है।”

क्या है भारत-अमेरिका व्यापार समझौता?

जिस ट्रेड डील को लेकर यह विरोध हुआ, उसके अप्रैल में लागू होने की संभावना है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में हस्ताक्षर हो सकते हैं। इस समझौते के लिए कानूनी दस्तावेजों को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के अधिकारियों के बीच 23 फरवरी से अमेरिका में तीन दिवसीय बैठक भी शुरू होगी। इसी महीने की शुरुआत में दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि समझौते का फ्रेमवर्क तैयार हो चुका है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews