‘अन्न का अपमान न करें, कार से सड़क पर रोटी फेंककर पशुओं को न खिलाएं’, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का वीडियो हो रहा वायरल

मुख्यमंत्री इस वीडियो में एक व्यक्ति को सड़क पर रोटी फेंकने से रोकती नजर आ रही हैं। यह घटना राजधानी में उनके भ्रमण के दौरान हुई, जब उन्होंने स्वयं देखा कि एक व्यक्ति ने संभवतः गाय को खिलाने के उद्देश्य से रोटी सड़क पर फेंकी। इसके बाद सीएम ने अपनी गाड़ी रुकवाई और व्यक्ति को समझाया कि इस प्रकार भोजन फेंकना न सिर्फ अन्न का अपमान है, बल्कि यह जानवरों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरनाक हो सकता है।
CM Rekha Gupta

CM Rekha Gupta Viral Message : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने सड़क पर रोटी फेंकने की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस वीडियो के साथ उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश भी साझा किया है जिसमें उन्होंने दिल्लीवासियों से अन्न का सम्मान करने और सड़कों को सुरक्षित रखने की अपील की है।

यह घटना तब सामने आई जब मुख्यमंत्री भ्रमण पर थीं और उन्होंने व्यक्ति को अपनी कार से सड़क पर रोटी फेंकते हुए देखा। इसके बाद सीएम ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और गाड़ी से उतरकर खुद उस व्यक्ति को समझाया। उन्होंने कहा कि इस तरह सड़क पर भोजन फेंकना अन्न का अपमान है और ऐसा करना सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा के लिए भी ठीक नहीं है।

सीएम रेखा गुप्ता का वीडियो हुआ वायरल 

मुख्यमंत्री ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट भी लिखी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि राजधानी में भ्रमण के दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को अपनी कार से सड़क पर रोटी फेंकते देखा, संभवतः गाय को खिलाने के लिए। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और उस व्यक्ति से अनुरोध किया कि वह भविष्य में ऐसा न करें। अपने संदेश में उन्होंने लिखा है कि “रोटी हमारे लिए सिर्फ भोजन नहीं है, वह हमारी संस्कृति, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। सड़क पर रोटी फेंकने से गाय माता और अन्य पशु वहां खाने के लिए आते हैं, जिससे उनकी जान को खतरा होता है और सड़क पर चलने वाले लोगों व वाहनों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।”

दिल्लीवासियों से की ये अपील

उन्होंने कहा है कि “अन्न का अपमान नहीं होना चाहिए। अगर आप पशुओं को भोजन कराना चाहते हैं, तो कृपया यह काम किसी गोशाला या निर्धारित स्थान पर करें। यह हमारी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और संस्कारों की पहचान है।” मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे सड़क पर रोटी या कोई अन्य भोजन न फेंकें। उन्होंने कहा कि पशुओं को प्यार से लेकिन जिम्मेदारी के साथ भोजन कराएं। अपनी संस्कृति का सम्मान करें और अपनी सड़कों को सुरक्षित बनाए रखें।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews