Delhi Election 2025: जरुरतमंदों को मुफ्त शिक्षा, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वित्तीय सहायता, BJP ने जारी किया संकल्प पत्र का दूसरा भाग

BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, हमारी सरकार बनने पर हम दिल्ली के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएंगे और 2 बार के यात्रा व आवेदन शुल्क की प्रतिपूर्ति भी करेंगे।
Anurag Thakur

Delhi Election 2025: दिल्ली का चुनावी घमासान तेज होता जा रहा है, पार्टियाँ मतदाताओं से वादे कर भरोसा दिलाने का प्रयास कर रही हैं कि यदि उनकी सरकार बनी तो वे इसे निभाएंगी, दिल्ली चुनाव में भाजपा केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अलावा दिल्ली वालों के लिए कई वादों के साथ मैदान में है, पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र के पहले भाग में जहाँ पार्टी ने महिलाओं और बुजुर्गों पर फोकस रखा अब दूसरे भाग में छात्रों और युवाओं पर फोकस किया है।

भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज दिल्ली चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया, उन्होंने कहा जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं, तो विकसित दिल्ली की एक अहम भूमिका है। विकसित दिल्ली संकल्प पत्र 2025 के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आपके सामने पहले अपनी बात रखी थी, आज उसके दूसरे भाग को लेकर मैं आप सबके सामने आया हूं।

जन-कल्याण BJP सरकारों की प्राथमिकता और केंद्र बिंदु

अनुराग ठाकुर ने कहा, भाजपा की जहां भी सरकारें रही, जन-कल्याण उनकी प्राथमिकता और केंद्र बिंदु रहा। केंद्र सरकार में भी हमने राज्यों के सहयोग से नागरिकों की समस्याओं का जहां समाधान किया, वहीं पर उनको सुविधाएं भी दी। हमारी सरकार बनने पर हम स्वास्थ्य, यातायात, बिजली, पानी और परिवहन आदि से जुड़ी समस्याओं का हल करेंगे।

दिल्ली वालों को बेहतर आज और बेहतर कल देने का वादा 

दिल्ली वालों को बेहतर आज और बेहतर कल देने का प्रयास करेंगे। पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने दलालों को खत्म कर दिया है और DBT के माध्यम से जन-कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया। भ्रष्टाचार के प्रति मोदी सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है।

KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा के लिए 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता

अनुराग ठाकुर ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा, दिल्ली के सरकारी शिक्षण संस्थानों में दिल्ली के जरूरतमंद छात्रों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। हमारी सरकार बनने पर हम दिल्ली के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएंगे और 2 बार के यात्रा व आवेदन शुल्क की प्रतिपूर्ति भी करेंगे।

ऑटो – टैक्सी चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड, 10 लाख का बीमा भी 

भाजपा सांसद ने कहा, ऑटो – टैक्सी चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा, उन्हें 10 लाख  रुपये का जीवन बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा एवं वाहन बीमा और उनके बच्चों के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा, आप सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी एवं जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाएगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews