Delhi Election 2025: अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र का अंतिम भाग, AAP पर निशाना, बोले सबसे बड़ा मुद्दा इन झूठों से निजात दिलाना

अमित शाह ने कहा,  केजरीवाल ने कहा था कि 7 साल में मैं यमुना को एकदम शुद्ध कर दूंगा और कहा था कि मैं दिल्लीवालों के सामने यमुना में डुबकी लगाऊंगा। मैं केजरीवाल जी को याद कराना चाहता हूं कि केजरीवाल जी दिल्ली की जनता आपकी उस विश्वप्रसिद्ध डुबकी की राह देख रही है कि कब आप डुबकी लगाओगे।
Amit Shah BJP manifesto

Delhi Election 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी के संकल्प पत्र का तीसरा और अंतिम भाग जारी किया, उन्होंने पहले दो भाग में पार्टी द्वारा किये गए वादे दोहराए और भरोसा दिया कि भाजपा जो कहती है वो करती है, इसलिए हम जो दिल्लीवासियों से जो वादा कर रहे हैं उसे पूरा भी करेंगे, अमित शाह ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर इस दौरान जमकर हमला बोला, एक सवाल एक जवाब में अमित शाह ने कहा इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा धोखा देने वालों और झूठों से दिल्ली को निजात दिलाना है।

अमित शाह ने कहा, भाजपा की परंपरा है, हम चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं, चुनाव को जनसंपर्क का माध्यम भी मानते हैं। और चुनावों के माध्यम से बनने वाली सरकारों के नीति निर्धारण को निश्चित करने के लिए हम जनता के बीच जाकर चुनाव में भाजपा से उनकी क्या अपेक्षा है, ये जानकारी भी एकत्र करते हैं। भाजपा के लिए संकल्प पत्र विश्वास का सवाल होता है और करने वाले कामों की सूची होता है। ये कोरे वादे नहीं होते हैं।

PM Modi ने देश में politics of performance को स्थापित किया

गृह मंत्री ने कहा, 2014 से नरेन्द्र मोदी जी ने देश के अंदर politics of performance को स्थापित किया है और भाजपा ने जितने भी चुनाव आए, उनमें जो वादे किए थे उन्हें पूरा करने का गंभीरता से प्रयास किया है। इसलिए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, जेजे कलस्टर के निवासियों, असंगठित मजदूरों, मध्यम आय वर्ग, व्यापारियों, पेशेवरों के साथ नीचे तक जाकर सुझाव प्राप्त करने का काम किया है।

मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा

गृह मंत्री अमित शाह ने केजरीवाल और उनकी पार्टी पर हमला करते हुए कहा, दिल्ली में केजरीवाल ऐसी सरकार चला रहे हैं, जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते हैं और फिर से झूठ के एक बहुत बड़े पुलिंदे और भोले से चेहरे के साथ जनता के सामने उपस्थित होते हैं। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतनी सफाई से झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा है।

कहा बंगला नहीं लेंगे, चार बंगलों को जोड़कर शीशमहल बना लिया  

गृह मंत्री ने कहा,  केजरीवाल ने कहा था कि मैं, मेरी सरकार का कोई मंत्री सरकारी बंगला नहीं लेंगे। लेकिन इन्होंने बंगला लिया, यहां तक तो ठीक था, लेकिन 51 करोड़ से ज्यादा खर्च करके 4 बंगलों को एकसाथ मिलाकर इन्होंने एक शीश महल बना दिया।

केजरीवाल पर तंज, दिल्ली की जनता यमुना में डुबकी की राह देख रही

यमुना में डुबकी के वादे की याद दिलाते हुए अमित शाह ने कहा,  केजरीवाल ने कहा था कि 7 साल में मैं यमुना को एकदम शुद्ध कर दूंगा और कहा था कि मैं दिल्लीवालों के सामने यमुना में डुबकी लगाऊंगा। मैं केजरीवाल जी को याद कराना चाहता हूं कि केजरीवाल जी दिल्ली की जनता आपकी उस विश्वप्रसिद्ध डुबकी की राह देख रही है कि कब आप डुबकी लगाओगे।

AAP पर हमला,  केवल बहाने बनाना इनकी फितरत है

गृह मंत्री ने  कहा इन्होंने (केजरीवाल और AAP ने) काम नहीं करने का एक नया तरीका ढूंढा है। कोई भी काम नहीं करना है तो ये कहते हैं कि हमें पूर्ण राज्य का दर्जा दे दीजिए। जब इन्होंने वादा किया और चुनाव लड़ा तो क्या इन्हें दिल्ली का स्टेटस मालूम नहीं था क्या, केवल बहाने बनाना इनकी फितरत है। इसलिए धोखा देने वालों और झूठ बोलने वालों से दिल्ली को निजात दिलाना इस चुनाव का बड़ा मुद्दा है।

डबल इंजन सरकारों ने हर राज्य को बदलने का काम किया है

अमित शाह ने कहा देश में जहां-जहां चुनाव आया और देश एवं राज्यों की जनता ने नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को मैंडेट दिया, वहां डबल इंजन सरकारों ने हर राज्य को बदलने का काम किया है। नरेन्द्र मोदी ने आज पूरे देश में एक विश्वास पैदा किया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को को बरकरार रखते हुए भी सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी विकास संभव है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews