Delhi Election 2025: गरजे PM Modi, बोले- दिल्ली का मूड बता रहा है, अब ‘आप-दा’ के बहाने, फर्जी वादे, लूट और झूठ नहीं चलेंगे

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा- गलती माफ करना भारत के नागरिकों का उदार चरित्र है। लेकिन जानबूझकर, बद इरादे से पाप करने वालों को न दिल्ली कभी माफ करती है, न देश माफ करता है।
PM Modi Delhi elections

Delhi Election 2025: दिल्ली का चुनावी घमासान अपनी रफ़्तार पर है, भाजपा , कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता लगातार अपनी योजनाओं से मतदाता को आकर्षित करने के प्रयास कर रहे हैं और एक दूसरे पर पलटवार कर रहे हैं, इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आमसभा को संबोधित किया, उन्होंने भरोसा दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर किये गए वादे पूरे होंगे ये मोदी की गारंटी है, आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा दिल्ली कह रही है अब AAP-दा के बहाने नहीं चलेंगे,अब AAP-दा के फर्जी वादे नहीं चलेंगे, अब AAP-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा।

प्रधानमंत्री ने भाषण की शुरुआत करते हुए सबसे पहले महाकुंभ की भगदड़ में प्राण गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना जताई और दुःख प्रकट किया, उन्होंने कहा दिल्ली का ये क्षेत्र यमुना जी के तट पर बसा है। इस इलाके में तो बाबा श्याम गिरि भी विराजते हैं, मैं उनको नमन करते हुए आप सभी जनता जनार्दन को भी प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा वर्किंग डे  होने के बावजूद भी आप यहां इतनी विशाल संख्या में दोपहर के समय हम सबको आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

भीड़ देखकर बोले मोदी- ये  दृश्य दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है

पीएम मोदी ने कहा, ये दृश्य दिल्ली का मूड बात रहा है। ये दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है। दिल्ली कह रही है, अब AAP-दा के बहाने नहीं चलेंगे, दिल्ली कह रही है अब AAP-दा के फर्जी वादे नहीं चलेंगे, दिल्ली कह रही है अब AAP-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा। दिल्ली अब एक ऐसी सरकार चाहती है। जो गरीबों के लिए घर बनाए। जो दिल्ली को आधुनिक बनाए।

5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी

प्रधानमंत्री ने कहा दिल्ली ऐसी सरकार चाहती है, जो हर घर नल से जल पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए, इसलिए पूरी दिल्ली आज कह रही है  5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी। 8 तारीख के बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, तो जो भी वादे आपसे किए गए हैं, वो सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे,ये मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब – गारंटी पूरा होने की गारंटी।

मोदी को दिल्ली की सेवा करने का मौका दीजिए

उन्होंने कहा, ये 21वीं सदी है, इसके 25 साल बीत चुके हैं। उसमें कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है, फिर 11 साल AAP-दा सरकार को दिए। लेकिन दिल्ली की समस्या तो वहीं की वहीं है। 25 साल में इन दोनों ने आपकी दो-दो पीढ़ी को बर्बाद कर दिया है। किसी ने 14 साल राज किया, किसी ने 11 साल राज किया। फिर भी वही जाम, वही गंदगी, वही टूटी-फूटी सड़कें, गलियों में बहता गंदा पानी, वही जलभराव, वही प्रदूषण है। पीने के पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, हा-हाकार हो रहा है, कुछ नहीं बदला। इन हालातों से दिल्ली को आपके वोट की ताकत बाहर निकाल सकती है। हमें 11 साल के pending काम भी पूरे करने हैं और आने वाले 25-30 साल की तैयारियां भी करनी है। इसलिए मैं दिल्लीवासियों से आग्रहपूर्वक करना चाहता हूं – मोदी को दिल्ली की सेवा करने का मौका दीजिए।

हम योजनाओं को बदलने वाले नहीं बल देने वाले लोगों में से हैं

प्रधानमंत्री ने कहा-  मैं देशभर में बहुत कुछ कर पाया हूं। लेकिन दिल्ली में आपने मुझे सेवा करने का अवसर नहीं दिया है। आपने 25 साल तक कांग्रेस भी देखी, AAP-दा भी देखी। अब एक बार कमल को भी देख लीजिए, मुझे सेवा करने का अवसर दीजिए। हम योजनाएं बंद करने वालों में से नहीं हैं। हम योजनाओं को बल देने वाले लोगों में से हैं। आज घरों में नल से साफ पानी आता है। अगर हिंदुस्तान के दूर-दराज के गांवों में गरीब से गरीब के घर में नल से जल पहुंच सकता है, तो देश की राजधानी दिल्ली में न नल से जल आता है और जहां आता भी है वो पीने के लायक नहीं होता। अगर भाजपा दुर्गम गांवों में नल से जल पहुंचा सकती है, तो दिल्ली के हर घर को भी नल से साफ जल भाजपा दे सकती है।

यमुना जी की सफाई के नाम पर वोट मांगने वाले अब कुछ और कह रहे हैं 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा AAP-दा वालों ने दिल्ली को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया है इन लोगों ने तीन चुनावों में यमुना जी की सफाई के नाम पर वोट मांगे, आज कह रहे हैं कि यमुना जी वोट नहीं देतीं। ये AAP-दा वालों की सरासर बेशर्मी है, बेईमानी है, बदनीयती है। अपने राजनीतिक स्वार्थ में AAP-दा वालों ने एक और घोर पाप किया है और ये पाप कभी भी माफ नहीं हो सकता है।

AAP-दा वालों की लुटिया यमुना जी में ही डूबेगी

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा- गलती माफ करना भारत के नागरिकों का उदार चरित्र है। लेकिन जानबूझकर, बद इरादे से पाप करने वालों को न दिल्ली कभी माफ करती है, न देश माफ करता है। AAP-दा वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिलाते हैं। ये सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि भारतीयों का अपमान है, हमारे संस्कारों का अपमान, हमारे चरित्र का अपमान है। ये वो देश है, जहां पानी पिलाना धर्म माना जाता है। इस देश के लोगों पर ऐसा झूठा आरोप कि कुछ भी बोल रहे हैं। मुझे पक्का विश्वास है कि ऐसी ओछी बाते करने वालों को दिल्ली इस बार सबक सिखाएगी। इन AAP-दा वालों की लुटिया यमुना जी में ही डूबेगी।

शीशमहल बनाने वाले गरीब के घर के बारे में नहीं सोच सकते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा भाजपा सरकार, हजारों झुग्गीवासियों के लिए पक्के घर बना रही है…जहां झुग्गी है वहां अच्छे घर दे रही है। मोदी के पास अपना कोई घर नहीं है लेकिन मोदी का सपना है कि हर गरीब के पास अपना घर हो। शीशमहल बनाने वाले, जनता के करोड़ों रुपये लुटाने वाले कभी गरीब के घर के बारे में नहीं सोच सकते।

AAP-दा और कांग्रेस ने पर्दे के पीछे एक दूसरे से गठबंधन कर लिया है, सावधान रहना है 

मोदी ने कहा आप सभी को इनकी (AAP-दा वालों की) एक और चाल से सावधान रहना है। AAP-दा को हार का एहसास हो चुका है, इनके हर विधायक को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। इसलिए AAP-दा और कांग्रेस ने पर्दे के पीछे एक दूसरे से गठबंधन कर लिया है। AAP-दा कोशिश कर रहे हैं कि उसका नहीं तो कांग्रेस का विधायक जीत जाए, ताकि बाद में मिलकर सत्ता हथियाने का काम हो जाए, ऐसे तो दिल्ली पर डबल आपदा आ जाएगी। इसलिए आपको घर-घर जाना है और सबको कहना है कि कमल निशान पर ही वोट दें। 5 फरवरी को दिल्ली में वोटिंग के सारे रिकॉर्ड टूटने चाहिएं। आप याद रखना – AAP-दा नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews