Delhi election result 2025: जीत पर बोले अमित शाह, ये अहंकार और अराजकता की हार है, नड्डा ने X पर लिखा-‘आप-दा’ मुक्त दिल्ली

अमित शाह ने X पर लिखा- दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है, यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है।
BJP

Delhi election result 2025: अरविंद केजरीवाल के हैट्रिक लगाने वाले दावे को  मोदी शाह की जोड़ी ने क्लीन बोल्ड कर दिया और दिल्ली जीत ली है, बहुमत के जादुई आंकड़े से ज्यादा सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद एक बार फिर अपनी सरकार बना ली है, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है, यह अहंकार और अराजकता की हार है, वहीं पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने X पर लिखा -‘आप-दा’ मुक्त दिल्ली।

भारतीय जनता पार्टी ने अपनी आशा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में शानदार जीत दर्ज की है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य बड़े नेताओं, स्टार प्रचारकों ने जिस तरह अरविंद केजरीवाल के झूठ और आम आदमी पार्टी की सरकार के कामों की हकीकत को उजागर किया उसपर जनता ने भी भरोसा किया और मोदी की गारंटी पर विश्वास कर उन्हें सत्ता सौंप दी।

अमित शाह ने लिखा- जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता

27 साल बाद पार्टी की जीत पर भाजपा नेताओं ने ख़ुशी जताई है और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है, गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा- दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।

मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी

उन्होंने लिखा-  दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा को हार्दिक बधाई देता हूँ। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।

दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है

उन्होंने लिखा- दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है, यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।

अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता – जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘आप-दा’ मुक्त दिल्ली हैडिंग के साथ X पर लिखा – आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता – जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है। प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।

यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करेगा

उन्होंने लिखा-  ‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थी। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा। इस प्रचण्ड विजय के लिए मैं प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट करता हूँ और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों का अभिनंदन करता हूँ।

ये पीएम मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के प्रति विश्वास की जीत है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर लिखा- दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जबरदस्त विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के प्रति विश्वास की जीत है। इस देश की जनता का भरोसा मोदी जी की विश्वसनीयता और भाजपा की सुशासन और विकास की राजनीति में है।  इस शानदार जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ।

डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी

राजनाथ ने लिखा-  लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए दिल्ली की जनता के प्रति मैं अपना आभार व्यक्त करता हूँ। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित दिल्ली अति आवश्यक है। इस जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews