मनोज तिवारी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी, BJP सांसद ने दर्ज कराई FIR, साजिश का लगाया आरोप

उत्तर पूर्वी दिल्ली से BJP सांसद मनोज तिवारी ने अपने नाम से चल रहे एक फर्जी फेसबुक अकाउंट के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इसे अपनी छवि खराब करने की सोची-समझी साजिश बताते हुए जांच में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई है।
Manoj Tiwari

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल चलाए जाने का मामला सामने आया है। मनोज तिवारी ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए इसे अपनी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।

शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए उन्होंने अपने प्रशंसकों और आम जनता को इस फर्जीवाड़े से सचेत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आधिकारिक फेसबुक अकाउंट ‘ब्लू टिक’ से वेरिफाइड है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के मुताबिक, ‘Monoj Tiwari BJP’ नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी चलाई जा रही है। इस प्रोफाइल पर सांसद मनोज तिवारी की तस्वीरों और वीडियो का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल कर जनता के बीच भ्रामक संदेश और गलत जानकारी फैलाई जा रही थी। सांसद का आरोप है कि यह उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का एक संगठित प्रयास है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच में देरी पर नाराजगी

मनोज तिवारी की शिकायत पर नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन ने FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने इस मामले को हाई-प्रोफाइल साइबर अपराध मानते हुए IT एक्ट की धारा 66C (पहचान की चोरी) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 (3) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस फर्जी अकाउंट चलाने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

हालांकि, मनोज तिवारी ने जांच की धीमी गति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि शिकायत 22 जनवरी को ही दर्ज करा दी गई थी, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे वे नाराज हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews