18 फरवरी 2024 IMD मौसम अपडेट: हिमाचल, जम्मू कश्मीर में बर्फ़बारी, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड में बारिश की संभावना

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 18 February 2024 : देश का मौसम फिर करवट ले रहा है। बारिश, ओलावृष्टि, बर्फ़बारी अलग अलग राज्यों को प्रभावित कर रही है। एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बर्फ़बारी होने और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा कई राज्यों में तेज तूफानी हवाएं चलने के भी आसार हैं ।

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 20 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है साथ ही बर्फबारी होने की संभावना है, मौसम विभाग ने बिजली चमकने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

इन राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना

IMD ने आज 18 फरवरी को जम्मू संभाग के अलग-अलग इलाकों में, 18 और 19 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में और 18 से 21 फरवरी के बीच उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 19 और 20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर और 20 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बारिश

मौसम विभाग ने 19 से 21 फरवरी तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, 20 से 22 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में और 19 से 21 फरवरी तक उत्तरी राजस्थान में छिटपुट बारिश होने के संकेत दिए हैं।

इन राज्यों में तेज तूफानी हवाएं चलने के आसार

IMD ने कहा कि 18 से 21 फरवरी तक पंजाब में, 19 से 21 फरवरी तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में, राजस्थान में 19 से 20 फरवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 और 21 फरवरी को 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

असम, अरुणाचल प्रदेश के लिए IMD का पूर्वानुमान

आईएमडी ने कहा है कि पूर्वोत्तर असम और निचले क्षोभमंडल में इसके आसपास स्थित एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण 18 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में और आज असम, मेघालय और नागालैंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बर्फ़बारी की संभावना

इसके अलावा निचले स्तरों पर एक नए चक्रवाती परिसंचरण या ट्रफ लाइन के कारण 21 से 24 फरवरी तक पूरे पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी का अनुमान है। 21 फरवरी को मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और असम में भी भारी वर्षा या छिटपुट बर्फबारी हो सकती है।

ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में घना कोहरा

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि 18-20 फरवरी तक ओडिशा में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है साथ ही आज और कल उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भी घना कोहरा छा सकता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews