IMD Weather Update : अगले 4-5 दिनों में पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों में छाएगा घना कोहरा, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की संभावना

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 11 January 2024 : देश में पड़ रही कड़ाकेदार सर्दी के कारण पूरा उत्तर भारत ठिठुर रहा है, मौसम विभाग ने भी अभी ऐसी ही स्थितियां रहने की संभावना जताई है, मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के राज्यों में घना कोहरा छाने और दक्षिण के राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है।

यहाँ छाएगा घना कोहरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 और 11 जनवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है। वहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा सहित उत्तर पश्चिम भारत के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

ऐसा रहा दिल्ली का हाल, पहाड़ों में होगी ये गतिविधि 

IMD ने जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी दिल्ली में बुधवार को अलग अलग क्षेत्रों में कहीं घना तो कहीं अधिक घना कोहरा छाया रहा, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भी कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

हिमाचल में तापमान -15 डिग्री, सिस्सू झील जमी  

आईएमडी ने कहा है कि अगले 24 घंटों के लिए हिमालयी पहाड़ी क्षेत्रों में जमीनी ठंड की स्थिति बनने के आसार दिखाई दे रहे हैं, सर्दी का आलम ये है कि बुधवार को ट्रांस-हिमालयी क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की सिस्सू झील तापमान -15 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के बाद जम गई। बुधवार को उत्तराखंड (टिहरी और मुक्तेश्वर) में अलग-अलग स्थानों पर ग्राउंड फ्रॉस्ट की स्थिति देखी गई। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश (भिंड और ग्वालियर) में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधि भी दर्ज की गई।

दक्षिण के राज्यों में बारिश की संभावना 

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 2 दिनों के दौरान तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की से बारिश हो सकती है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews