16 जनवरी 2024 IMD मौसम अपडेट: उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, दिल्ली में शीतलहर के आसार

IMD Weather Update

IMD Weather Update Today 16 January 2024 : मौसम में आये परिवर्तन ने एक बार फिर उत्तर भारत को तेज सर्दी की तरफ धकेल दिया है, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले कुछ दिन बहुत तेज सर्दी के रहने वाले हैं, उत्तर भारत सहित देश के अन्य कई राज्यों को सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भी बर्फ़बारी की संभावना जताई है।

इन राज्यों में तेज कड़ाकेदार ठंड की संभावना 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे वाली सुबह और ठंडे दिन यानि कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। लोगों को तेज सर्दी का अहसास होगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 16 और 17 जनवरी को ठंडा मौसम रहेगा। इसके अलावा अगले कुछ दिनों के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में ठंडा मौसम रहेगा।

ऐसा है राजधानी दिल्ली का हाल

आईएमडी ने राजधानी दिल्ली के मौसम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अगले दो दिनों तक राजधानी में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, वहीं 19 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आपको बता दें कि इससे पहले IMD ने मंगलवार और बुधवार को दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया था, आज भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, ये न्यूनतम तापमान सफदरजंग में सुबह 5:30 बजे दर्ज हुआ।

ये राज्य घने से बहुत घने कोहरे में रहेंगे 

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों तक पंजाब और हरियाणा के साथ साथ चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, और दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह और रात को घने से बहुत घना कोहरा बने रहने की संभावना है, इसके अलावा, झारखंड, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय, और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भी कोहरा छाया रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र को करेगा, प्रभावित होगी बर्फ़बारी 

IMD ने कहा कि एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इससे 16 और 17 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में एवं 18 जनवरी को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या फिर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा, 16 से 18 जनवरी के बीच बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews