झाँसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल अग्निकांड, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया जायजा, दिए इनपर कार्रवाई के निर्देश

डिप्टी सीएम ने जिलाधिकारी को ये काम करने वाले लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ब्रजेश पाठक ने कहा जिन लोगों ने चूना डालने आदि जैसा कृत्य किया है वो स्वीकार योग्य नहीं है।
Deputy CM Brajesh Pathak

Jhansi hospital fire:Jhansi hospital fire: उत्तर प्रदेश के झाँसी जिले में शुक्रवार की रात रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज अस्पताल के NICU वार्ड में हुए अग्निकांड की तपन कम नहीं हो रही है, घटना में 10 नवजात बच्चों की मौत के बाद भी यहाँ एक ऐसी संवेदनहीनता देखी गई जिसने इंसानियत पर ही सवाल खड़े कर दिए, विपक्ष ने इसपर सरकार को घेरा, घटना का जायजा लेने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी नाराजगी जताई और फिर कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।

झांसी में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कल शुक्रवार 15 नवंबर की रात को नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भीषण आग लग गई थी जिसमें 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई, हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को झांसी जाने के निर्देश दिए, ब्रजेश पाठक महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घटना का जायजा लिया लेकिन उनके कॉलेज आने से पहले ही उनके स्वागत के लिए सड़क पर चूना डाला गया था जिसको लेकर विपक्ष ने सरकार पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस ने लिखा- ये सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है

कांग्रेस ने चूना डालने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया , कांग्रेस ने लिखा- भाजपा सरकार की संवेदनहीनता देखिए, एक ओर बच्चे जलकर मर गए, उनके परिवार रो रहे थे, बिलख रहे थे दूसरी तरफ, डिप्टी सीएम  के स्वागत के लिए सड़क पर चूने का छिड़काव हो रहा था। परिजनों का यहां तक कहना है कि पूरे कम्पाउंड में गंदगी फ़ैली हुई थी, जो डिप्टी CM के आने से पहले ही साफ की गई। ये सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। बच्चे जलकर मर रहे हैं और ये सरकार चेहरा चमकाने में लगी है। शर्मनाक।

सपा ने लिखा- ऐसे बेशर्मों से जनता ऊब चुकी है

समाजवादी पार्टी ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, सपा ने लिखा- झांसी में मासूम जिंदा जलकर मर गए, मौका मुआयना करने आ रहे निकम्मे निर्लज्ज बेशर्म और महाभ्रष्टाचारी के स्वागत अभिनंदन के लिए सड़क पर चूना डाला जा रहा है, रेड कार्पेट भी बिछेगी बेशर्म के लिए? ऐसे बेशर्मों से जनता ऊब चुकी है और धक्के मारकर यूपी की सत्ता से बाहर फेंकने का मन बना चुकी है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक हुए नाराज, दिए कार्रवाई के निर्देश

झांसी मेडिकल कॉलेज में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के पहुंचने से पहले उनके स्वागत में सड़कों पर चूना डाले जाने के मामले पर उन्होंने नाराजगी जताई, डिप्टी सीएम ने जिलाधिकारी को ये काम करने वाले लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं ब्रजेश पाठक ने कहा जिन लोगों ने चूना डालने आदि जैसा कृत्य किया है वो स्वीकार योग्य नहीं है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews