सड़क है तो हादसा होगा ही! सड़क की गुणवत्ता जांच रहे अधिकारियों के सामने ही पलट गया ट्रक, जान बचाकर भागे

एमपी के मंत्री राकेश सिंह ने कहा है कि सड़कें हैं तो गड्ढे होंगे ही। अब अगर उनकी बात मानें तो ये भी सच है कि सड़कें हैं तो हादसे भी होंगे ही। लेकिन जब ये हादसा सड़क निर्माण के दौरान जांच करने पहुंचे इंजीनियर के सामने ही हो जाए तो निर्माणकार्य को लेकर सवाल भी उठेंगे ही।
Maharashtra Beed Road Collapse

‘सड़क है तो गड्ढे होंगे ही’ की तर्ज पर अब ‘सड़क है तो हादसे होंगे ही’ जैसा मामला सामने आया है। महाराष्ट्र में सड़क निर्माण के दौरान वहां निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों के सामने ही अचानक सड़क धंसने से एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में सड़क का निरीक्षण कर रहे इंजीनियर और कर्मचारी बाल-बाल बचे।

बारिश और सड़कों का जैसे काका-बाबा का नाता है। हमारे यहां बारिश के मौसम में एक बड़ी समस्या बदहाल सड़कें होती हैं। जगह जगह गड्ढे और कीचड़ से भरी सड़क पर सुरक्षित चलना किसी चुनौती से कम नहीं। इसीलिए सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर बार-बार सवाल उठते रहते हैं। अगर निर्माण के दौरान ही सारे मानकों का पालन किया जाए तो सड़कें एक ही बारिश में धुल नहीं जाएगी। लेकिन जब ऐसे वीडियो सामने आते हैं तो निर्माण कार्यों पर सवाल उठना लाज़मी है।

मंत्रीजी ने कही थी ये बात

आपको याद होगा हाल ही में मध्यप्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का बयान। उन्होंने खस्ताहाल सड़कों को लेकर किए सवाल के जवाब में कहा था कि जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गड्ढे होते रहेंगे। दुनिया में ऐसी कोई सड़क नहीं है, जिसमें गड्ढा न हो।” मंत्रीजी के इस बयान से साबित होता है कि जो सुचारू व्यवस्थाओं के लिए जवाबदेह हैं..वो ही अगर ऐसी गैर जिम्मेदाराना बात करेंगे तो समस्याओं का समाधान भूल ही जाइए। उन्होंने तो ये तक कह दिया कि “मुझे ध्यान में नहीं आता कि दुनिया में कोई ऐसी सड़क है, जिसमें गड्ढा होता ही नहीं। ऐसी कोई तकनीक अभी PWD के संज्ञान में नहीं आई है।” ऐसे में जनता अपनी समस्या लेकर किसके पास जाए।

महाराष्ट्र में अधिकारियों के सामने हुआ हादसा

अब इसी बयान की रोशनी में महाराष्ट्र की ताज़ा घटना पर नज़र डालते हैं। बीड जिले के खडकी गांव में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क नवीनीकरण और पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान सड़क का निरीक्षण करने के लिए इंजीनियर अपने दस्ते के साथ वहां पहुंचे। निरीक्षण चल ही रहा था..इंजीनियर और कर्मचारी सड़क और पास की पुलिया की स्थिति का आकलन कर रहे थे कि तभी वहां से एक भारी भरकर ट्रक गुज़रा। और कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही ट्रक अचानक सड़क के साथ नीचे धंस गया। देखते ही देखते पूरा ट्रक पलट गया और मौके पर अफरातफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोग पास के गड्‍ढे में कूद गए। शुक्र है कि इस हादसे में वहां मौजूद इंजीनियर सहित किसी को भी कोई चोट नहीं पहुंची। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है और एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो को कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी अपने X अकाउंट से शेयर किया है और इसपर सवाल पूछा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews