
यातायात बाधित
राजधानी दिल्ली में 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होना है। इस मौके पर सुरक्षा एजेंसियां और दिल्ली पुलिस पूरी तैयारी में जुटी हैं। समारोह से पहले 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, जिसमें सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस और एनसीसी के जवान शामिल होंगे। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है ताकि रिहर्सल में किसी तरह की रुकावट न हो और सुरक्षा में कोई चूक न हो। दिल्ली पुलिस 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर अभी ही सख्त हो गई है। पुलिस ने कई मार्गों को प्रतिबंधित भी किया है। हालांकि मार्ग के प्रतिबंधित होने के बाद यातायात भी बाधित हो सकती है।
कई सड़कों पर लगेगा प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि बुधवार सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास की कई सड़कों पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इन मार्गों पर आम वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी, केवल पास वाले वाहन ही गुजर सकेंगे। बंद रहने वाले मुख्य रास्तों में नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छता रेल तक), लोथियन रोड (जीपीओ से छता रेल तक), एसपी मुखर्जी मार्ग (एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक), चांदनी चौक रोड (फव्वारा चौक से लाल किला तक) और निषाद राज मार्ग (रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग) शामिल हैं।
भारी वाहनों और बसों पर पाबंदी
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 12 अगस्त की रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा महाराणा प्रताप आईएसबीटी से सराय काले खां आईएसबीटी के बीच चलने वाली अंतरराज्यीय बसों का संचालन भी रोक दिया जाएगा। इन पाबंदियों का उद्देश्य समारोह और रिहर्सल के दौरान लाल किले के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ या अवरोध को रोकना है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। अगर कोई ड्रोन उड़ाता है तो उस पर पुलिस सख्त एक्शन कर सकती है।
मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस से पहले मेट्रो में सुरक्षा जांच को और सख्त किया गया है। CISF जवान यात्रियों और उनके सामान की कड़ी जांच करेंगे। हालांकि, किसी भी मेट्रो स्टेशन को बंद करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। सुरक्षा जांच में सख्ती के कारण विशेषकर पीक आवर्स में कुछ स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं, इसलिए यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है।
