मध्यप्रदेश समेत देशभर में पेट्रोल-डीजल की अफवाहों से पैनिक, सरकार ने कहा “कोई कमी नहीं”, संयम बनाने की अपील

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी आउटलेट्स पर सप्लाई सामान्य है। मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें, संयम बनाए रखें और सिर्फ विश्वसनीय स्रोतों की जानकारी पर भरोसा करें।
India Petrol Panic

गूगल तस्वीर

मध्यप्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर अफवाहों के चलते पैनिक जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। कई शहरों में लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर अतिरिक्त ईंधन खरीदते नजर आए, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बन गई।

इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इन सभी खबरों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में कहीं भी पेट्रोल और डीज़ल की कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की उपलब्धता सामान्य है। इसी के साथ नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की गई है।

पेट्रोल डीज़ल की कमी की अफवाहों से हड़कंप की स्थिति

मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में पेट्रोल और डीजल की कमी की सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने लोगों में पैनिक की स्थिति पैदा कर दी है। इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, नीमच, आगर मालवा और गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट जैसे शहरों में पेट्रोल पंपों पर बुधवार सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगह लोगों ने ड्रम, गैलन और कनस्तर लेकर पहुंचकर ईंधन भरवाने की कोशिश की, जिससे कुछ पंपों पर स्टॉक जल्दी खत्म हो गया और उन्हें समय से पहले बंद करना पड़ा। रतलाम में एलपीजी संकट के बाद अब पेट्रोल-डीजल की अफवाह ने हालात और बिगाड़ दिए। सोमवार-मंगलवार की रात से पंपों पर कतारें लग गई जिससे कई आउटलेट्स का स्टॉक खत्म हो गया। इंदौर में मांगलिया डिपो और आसपास के पंपों पर प्रशासन सुबह 5 बजे से ही सक्रिय हो गया और निरीक्षण कर रहा है। उज्जैन और बालाघाट जैसे जिलों में भी देर रात तक लोग आधे टैंक वाली गाड़ियों के साथ पहुंचे और बोतलों में तेल भरवाने लगे। नीमच में तो प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में लाउडस्पीकर लगे टेंपो से मुनादी कराई गई कि पेट्रोल-डीजल की पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त उपलब्धता है और लोग पैनिक न हों।

सरकार ने कहा “ईंधन की कोई कमी नहीं, सही जानकारी पर भरोसा करें”

इस स्थिति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में कहीं भी पेट्रोल या डीज़ल की कोई कमी नहीं है। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ईंधन संकट से जुड़ी सभी खबरें भ्रामक और तथ्यहीन हैं। मंत्रालय के अनुसार, देशभर में ईंधन की सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उनके द्वारा कहा गया है कि “इंडियन ऑयल के आउटलेट्स पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि संयम बनाए रखें, अनावश्यक या घबराहट में खरीदारी न करें, और सिर्फ विश्वसनीय जानकारी पर ही भरोसा करें। सही जानकारी ही सही निर्णय की ओर ले जाती है।”

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने भी स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि उसके सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य है। कंपनी ने बताया कि मांग में अचानक वृद्धि सिर्फ पैनिक बाइंग के कारण हुई है, न कि किसी वास्तविक कमी के चलते। इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि रिफाइनरी से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन तक की पूरी व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews