National StartUp Day: पीएम मोदी ने दी शुभकामनायें, बोले- हमारे स्टार्टअप आत्मनिर्भर भारत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे

पीएम मोदी ने लिखा- भारत ने जो रिफॉर्म एक्सप्रेस शुरू की है, उसने स्टार्टअप्स के लिए ऐसे क्षेत्रों में कदम रखने का बहुत अच्छा माहौल बनाया है, जिनके बारे में पहले सोचा भी नहीं जा सकता था, जैसे स्पेस, डिफेंस और भी बहुत कुछ। मुझे गर्व है कि हमारे स्टार्टअप आत्मनिर्भर भारत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
National Start-up Day PM Modi

National Start-up Day PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज से 10 साल पहले राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत नेशनल स्टार्ट अप (National StartUp Day) इंडिया लॉन्च किया था, 16 जनवरी 2016 को उद्यमिता को लॉन्च किये गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और निवेश आधारित विकास को सक्षम बनाना था। इसका लक्ष्य भारत को रोजगार चाहने वालों की जगह रोजगार सृजन करने वाला देश बनाना था। प्रधानमंत्री मोदी ने आज इसकी सफलता पर देशवासियों को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज X पर शुभकामनायें देते हुए लिखा- नेशनल स्टार्टअप डे के मौके पर स्टार्टअप की दुनिया से जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज का दिन खास है क्योंकि आज स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत को एक दशक पूरा हो गया है। यह दिन हमारे लोगों, खासकर हमारे युवाओं की हिम्मत, इनोवेशन की भावना और एंटरप्रेन्योरशिप के जज़्बे का जश्न मनाने का है, जिन्होंने ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत की तरक्की को आगे बढ़ाया है।

पीएम मोदी ने युवाओं के लिए कही ये बड़ी बात 

पीएम ने लिखा- भारत सरकार भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मज़बूत बनाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ काम कर रही है। भारत ने जो रिफॉर्म एक्सप्रेस शुरू की है, उसने स्टार्टअप्स के लिए ऐसे क्षेत्रों में कदम रखने का बहुत अच्छा माहौल बनाया है, जिनके बारे में पहले सोचा भी नहीं जा सकता था, जैसे स्पेस, डिफेंस और भी बहुत कुछ। मुझे गर्व है कि हमारे स्टार्टअप आत्मनिर्भर भारत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हम अपने उन युवाओं को सपोर्ट करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो रिस्क लेना चाहते हैं और प्रॉब्लम सॉल्वर बनना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने की मेंटर्स, इनक्यूबेटर्स, इन्वेस्टर्स की तारीफ 

मोदी ने लिखा- यह उन मेंटर्स, इनक्यूबेटर्स, इन्वेस्टर्स, एकेडमिक संस्थानों और दूसरों के इकोसिस्टम को पहचानने का भी दिन है जो स्टार्टअप्स को सपोर्ट करते हैं। उनका सपोर्ट और जानकारी हमारे युवाओं को इनोवेशन करने और ग्रोथ में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने में बहुत काम आती है।

देश के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि देने वाले: सीएम डॉ मोहन यादव 

नेशनल स्टार्ट अप डे के मौके पर देश के अलग अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई दी है और प्रधानमंत्री मोदी का आभार माना है, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- “राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2016 में आज ही के दिन राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में स्टार्टअप इंडिया लॉन्च किया था। हमारे देश के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर सफलता के नित नए अध्याय लिख रहे हैं। स्टार्टअप हेतु समर्पित सभी युवाओं के लिए मेरी मंगलकामनाएं हैं।”

आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की यात्रा को नई ऊर्जा मिली : योगी आदित्यनाथ  

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए लिखा- “प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुए ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के सफलतम 10 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को हार्दिक बधाई। यह अभिनव पहल युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करते हुए भारत को Innovation Driven Economy की दिशा में गतिशील बना रही है। पिछले एक दशक में स्टार्टअप इंडिया ने लाखों युवाओं को उद्यम, उद्योग और नवाचार के नए अवसर प्रदान किए हैं। उत्तर प्रदेश भी आज देश के अग्रणी स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। इस विकासोन्मुख अभियान से ‘आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत’ की यात्रा को नई ऊर्जा प्राप्त हो रही है।

यह एक योजना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने का माध्यम: पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर लिखा- “प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में ‘स्टार्टअप इंडिया’ को आज 10 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। यह पहल केवल एक योजना नहीं, बल्कि भारत के युवाओं के सपनों को उड़ान देने का माध्यम बनी है। इन दस वर्षों में लाखों युवाओं को नवाचार, स्वरोज़गार और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास मिला है। स्टार्टअप इंडिया से भारत के वो युवा जो नौकरी की तलाश में थे, वो आज नौकरियां देने वाले उद्यमी बन गए हैं। युवा शक्ति के सामर्थ्य से ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है।”

राजस्थान की धरा अब नवाचार का केंद्र बन रही: भजनलाल शर्मा 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने X पर लिखा- “भारत के सामर्थ्य और युवाओं के संकल्प के 10 गौरवशाली वर्ष, प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुए Start up India अभियान ने देश के युवाओं को Job Seekers से Job Creators बनाया है। राजस्थान की धरा अब नवाचार का केंद्र बन रही है और हमारे ऊर्जावान युवा अपनी मेधा और नवाचार से इस क्रांति में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। सभी युवा उद्यमियों को इस सफल दशक की हार्दिक बधाई। आइए, मिलकर नए भारत और नए राजस्थान के निर्माण में योगदान दें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews