बांग्लादेश चुनाव में BNP की प्रचंड जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने की तारिक रहमान से फोन पर बात, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई चर्चा

बांग्लादेश के आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को 213 सीटों पर मिली भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने रहमान को जीत की बधाई दी और भारत की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया, जिस पर BNP ने भी आभार व्यक्त किया है।
बांग्लादेश चुनाव में BNP की प्रचंड जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने की तारिक रहमान से फोन पर बात, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई चर्चा

नई दिल्ली: बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में खालिदा जिया की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके सहयोगियों ने बड़ी जीत दर्ज की है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BNP नेता और भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से फोन पर बातचीत की और उन्हें बधाई दी। इस बातचीत ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच भविष्य के संबंधों की एक सकारात्मक रूपरेखा तैयार कर दी है।

तारिक रहमान, जो कि पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं, का अब अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। BNP की इस जीत को भारत के लिए भी एक राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

पीएम मोदी ने X पर दी जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी और तारिक रहमान की बातचीत के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह बातचीत अत्यंत सुखद रही।

“तारिक रहमान से बात करके मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनावों में उनकी शानदार जीत पर बधाई दी। मैंने बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों में अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया। गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों वाले दो निकट पड़ोसी देशों के रूप में, मैंने दोनों देशों की जनता की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।”- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

इससे पहले भी पीएम मोदी ने एक ट्वीट के जरिए तारिक रहमान को बधाई देते हुए कहा था, “यह जीत बांग्लादेश की जनता के आपके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा।”

कैसा रहा चुनावी परिणाम?

बांग्लादेश आम चुनाव के नतीजों में BNP गठबंधन को सुनामी जैसी जीत मिली है। कुल 299 सीटों में से BNP और उसके सहयोगियों ने 213 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, पाकिस्तान समर्थित मानी जाने वाली कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह केवल 68 सीटें ही जीत सकी। छात्र आंदोलन से उभरी नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी (NCP) का प्रदर्शन भी फीका रहा और वह महज 6 सीटों पर सिमट गई।

BNP ने भारत का जताया आभार

प्रधानमंत्री मोदी की बधाई पर BNP की तरफ से भी तत्काल और सकारात्मक प्रतिक्रिया आई। BNP की स्थायी समिति के सदस्य और चुनाव के मुख्य समन्वयक नजरुल इस्लाम खान ने भारत का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा, “हम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तारिक रहमान को बधाई दिए जाने के लिए धन्यवाद देते हैं। यह काफी अच्छी बात है कि एक लोकतांत्रिक देश को जनता के फैसले को मान्यता देनी चाहिए, और श्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा किया है। हम उन्हें धन्यवाद देते हैं। हमारा मानना है कि हमारे नेता तारिक रहमान की लीडरशिप में भारत और बांग्लादेश और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे।”

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews