प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 साल बाद पहुंचे इजरायल, एयरपोर्ट पर बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर लगाया गले, गार्ड ऑफ ऑनर मिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दूसरी इजरायल यात्रा पर तेल अवीव पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 साल बाद पहुंचे इजरायल, एयरपोर्ट पर बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर लगाया गले, गार्ड ऑफ ऑनर मिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को इजरायल पहुंच गए। तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एक बेहद गर्मजोशी भरे माहौल में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने व्यक्तिगत रूप से उनकी अगवानी की। नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए अपने ‘दोस्त’ मोदी को गले लगाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

यह यात्रा 9 वर्षों में पीएम मोदी की दूसरी इजरायल यात्रा है, जो मध्य-पूर्व में बढ़े हुए तनाव के बीच हो रही है। एयरपोर्ट पर नेतन्याहू की पत्नी सारा भी मौजूद थीं। पीएम मोदी भारतीय समयानुसार लगभग शाम 4:30 बजे तेल अवीव पहुंचे।

सोशल मीडिया पर दिखी दोस्ती की गर्मजोशी

इस भव्य स्वागत से अभिभूत होकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि वह इस स्वागत से अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस यात्रा से सार्थक परिणाम निकलेंगे।

“इजराइल पहुंच गया… प्रधानमंत्री नेतन्याहू और श्रीमती नेतन्याहू द्वारा हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत किए जाने से मैं अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं/ मैं द्विपक्षीय चर्चाओं और भारत-इजराइल मित्रता को मजबूत करने वाले सार्थक परिणामों की आशा करता हूं।” — नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

पीएम मोदी के पोस्ट पर इजरायली प्रधानमंत्री ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी, इजरायल में आपका स्वागत करना बड़े सम्मान की बात है। आपका स्वागत है…”

क्यों अहम है यह दौरा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब गाजा में युद्धविराम के बावजूद छिटपुट झड़पें जारी हैं और मध्य-पूर्व में तनाव का माहौल है। इससे पहले पीएम मोदी जुलाई 2017 में इजरायल गए थे। इस बार उनके एजेंडे में कई महत्वपूर्ण बैठकें शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, 26 फरवरी को दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होनी है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरे का मुख्य फोकस भारत और इजरायल के बीच दोस्ती को और मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews