क्या बर्खास्त हो जाएगी केजरीवाल सरकार, दिल्ली BJP विधायकों की चिट्ठी को राष्ट्रपति ने गृह मंत्रालय को भेजा

भाजपा विधायक विजेंदर गुप्ता ने X पर लिखा- ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रपति ने उचित कार्यवाही के लिये गृह सचिव,गृह मंत्रालय को भेज दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि, सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी आम आदमी पार्टी के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।
BJP MLA Arvind Kejriwal

BJP demands dismissal of Arvind Kejriwal government : जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार कई संकटों से जूझ रही है, मुख्यमंत्री के ना होने से कई बड़े फैसले संभव नहीं हो पा रहे हैं भाजपा इसे संवैधानिक संकट बता रही है इसीलिए भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता विजेंदर गुप्ता ने अन्य साथी विधायकों के साथ पिछले दिनों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की थी, विधायकों की चिट्ठी की राष्ट्रपति ने उचित ध्यान देने के लिए गृह मंत्रालय को भेज दिया है

दिल्ली आबकारी नीति में कथित घोटाले के आरोप में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार को बर्खास्तगी का खतरा मंडरा रहा है, दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है, इसकी वजह ये है कि भाजपा विधायकों द्वारा राष्ट्रपति को सौंपे गई चिट्ठी (ज्ञापन) पर एक्शन हुआ है।

राष्ट्रपति सचिवालय ने गृह मंत्रालय को भेजा BJP विधायकों का पत्र 

राष्ट्रपति सचिवालय के डाइरेक्टर शिवेंद्र चतुर्वेदी ने दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भाजपा विधायक विजेंदर गुप्ता को लिखे पत्र में कहा कि  ” यह पत्र भारत की राष्ट्रपति को 30 अगस्त 2024 को लिखे गए आपके पत्र की प्राप्ति को स्वीकार करता है,जिसपर दिल्ली विधानसभा के 7 विधायकों और एक पूर्व विधायक ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किये हैं , इसपर उचित ध्यान देने के लिए इसे गृह सचिव गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है।”

विजेंदर गुप्ता ने X पर शेयर की राष्ट्रपति सचिवालय की चिट्ठी 

इस पत्र को विजेंदर गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट X पर शेयर किया है , उन्होंने लिखा- दिल्ली में लगातार हो रहे संवैधानिक उल्लंघनों और शासन की विफलताओं के चलते मेरे साथ सभी भाजपा विधायकों ने 30 अगस्त 2024 को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से मिलकर दिल्ली सरकार की नाकामियों का ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन का संज्ञान लेते हु राष्ट्रपति ने उचित कार्यवाही के लिये गृह सचिव,गृह मंत्रालय को भेज दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि, सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी आम आदमी पार्टी के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।

ज्ञापन में इन परेशानियों का है जिक्र  

आपको बता दें कि 30 अगस्त को विजेंदर गुप्ता के नेतृत्व विधायकों ने राष्ट्रपति को जो ज्ञापन सौंपा था उसमें कहा गया कि महत्वपूर्ण आदेशों पर मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर की आवश्यकता होती है, उन्हें लंबित रखा गया है, जिससे आवश्यक प्रशासनिक निर्णयों में देरी हो रही है या उन्हें गलत तरीके से संभाला जा रहा है। जिसका सीधा असर दिल्ली के नागरिकों के जीवन पर पड़ रहा है। केंद्र सरकार की योजनायें ठप पड़ी हैं, वहां से मिले पैसों का उपयोग नहीं हो पा रहा, भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता चरम पर है, अरविंद केजरीवाल की जिद के कारण दिल्ली के लोग परेशान हैं इसलिए इस सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाये।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews