“महिला आरक्षण से किसान मुद्दों तक..” पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली में गरजे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- बेरहम ​TMC सरकार सिर्फ लूटपाट में लगी है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने विष्णुपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया और टीएमसी सरकार पर हमला बोला। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण मुद्दे पर सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए ​बिल के पास न होने का कारण टीएमसी को बता दिया। इसके अलावा उन्होंंने दावा किया है कि 4 मई के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा।
PM Modi

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच, बंगाल में चुनाव को लेकर भाजपा ताबड़तोड़ रैलियां कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी रविवार, 19 अप्रैल 2026 को बिष्णुपुर में पहुंचे जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान महिला आरक्षण मुद्दे पर भी बात रखी। उन्होंने सीएम ममता बनर्जी को निशाने पर लिया। इस दौरान उन्होंने संसद में महिला आरक्षण बिल न पास होने का ठिकरा टीएमसी पर फोड़ा। मोदी ने बंगाल की निर्मम सरकार को महिला विरोधी बताया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा को भाजपा की पहचान बताया और कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का किया दावा

प्रधानमंत्री ने बिष्णुपुर में अपनी बात दोहराते हुए कहा कि बंगाल के लोगों ने अब तय कर लिया है कि डर को बाहर करो, भरोसा रखो। मैं आमतौर पर चुनाव के दौरान कभी कोई भविष्यवाणी नहीं करता। मैं कभी नतीजे के बारे में बात नहीं करता। मैं सालों से चुनाव लड़ रहा हूं, लेकिन मैं उन चर्चाओं से बचता हूं। पीएम मोदी ने दावा करते हुए कहा कि मैं कह रहा हूं कि इस बार भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। जब मैं भारी बहुमत कहता हूं, तो मैं पूरे भरोसे के साथ कह रहा हूं।

पीएम मोदी ने चुनावी रैली मेंं टीएमसी सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने टीएमसी पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया घोटाले का भी आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि टीएमसी के मंत्रियों ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लूटा है और हजारों युवाओं को धोखा दिया है। टीएमसी के जंगलराज में बिना कट के कोई काम नहीं होता और जब कट की मांग होगी तो उद्योग कहां से आएंगे? इसलिए उद्योग को भी भारी नुकसान हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग डर से नहीं आते बल्कि भरोसे से आते हैं, निवेश भरोसे से आता है। इस बीच उन्होंने फिर अपनी बात दोहराते हुए दावा किया कि अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर मुझे पूरा विश्वास है कि 4 मई के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों भाजपा के होने से, विष्णुपुर का विकास भी तेज रफ्तार से होगा।

किसानों को लेकर बोले प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण मेंं किसानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां धान उगाने वाले किसानों की भी बहुत सारी समस्याएं हैं जिसके चलते वे परेशान हैं। यहां कई सिंचाई की योजनाएं रूकी हुई हैं। आज सुवर्णरेखा परियोजना की बात करें तो क्या हाल हो गया है? दशकों बीत गए लेकिन नहरों में पानी नहीं आया। किसानों की आंखों के आंसू कभी सूखते नहीं। यह बेरहम टीएमसी सरकार सिर्फ लूटपाट में लगी है और लुटेरों को बचाती है।

पीएम ने कहा कि मैं आज आपको भरोसा दिखाता हूं कि भाजपा सरकार, टीएमसी की इस लूट को रोकेगी और आपके खेतों तक पानी पहुंचाएगी। टीएमसी ने बंगाल के किसानों को हर कदम पर धोखा दिया है। हम आलू किसानोंं की भी बुरी हालत देख रहे हैं। टीएमसी सिंडिकेट का मंडियों और कोल्ड स्टोरेज पर कंट्रोल है। भाजपा इस सिंडिकेट का कंट्रोल उखाड़ फेंकेगी और चुन-चुनकर इसे खाली कराएगी। किसानों को डबल इंजन वाली सरकार का दोगुना फायदा मिलेगा। यह मोदी की गारंटी है। पीएम ने कहा कि बंगाल टाइगर की दहाड़ से टीएमसी डर गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि टीएमसी के भ्रष्टाचारी चुनाव से पहले सरेंडर कर दें। 4 मई के बाद राज्य में कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews