राघव चड्ढा ने AAP से इस्तीफा दिया, दो-तिहाई सांसदों के साथ BJP में विलय की घोषणा, आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि राज्यसभा में 'आप' के दो-तिहाई सांसद भी इस फैसले के साथ हैं और वे सभी मिलकर भारतीय जनता पार्टी में विलय कर रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर सिद्धांतों से भटकने और निजी हितों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे अब सकारात्मक राजनीति के साथ जनता के करीब जाकर काम करेंगे।
Raghav Chadha AAP resign

फाइल फोटो

आम आदमी पार्टी को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रमुख चेहरे और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संगठन महासचिव संदीप पाठक और सांसद अशोक मित्तल ने ‘आप’ का साथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इस बात की घोषणा करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा की कुल संख्या का दो-तिहाई हिस्सा बीजेपी में विलय कर रहा है।

राघव चड्ढा ने कहा कि वे लंबे समय से पार्टी की दिशा और कार्यशैली से असंतुष्ट थे। उन्होंने दावा किया कि जिस AAP को उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में मजबूत किया, वह अब अपने मूल सिद्धांतों और उद्देश्यों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सांसद हैं और इनमें से दो-तिहाई से अधिक सांसद इस कदम में हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल सहित कई अन्य नेता भी इस फैसले के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने हस्ताक्षर भी कर दिए हैं।

राघव चड्ढा ने की दो-तिहाई सांसदों के साथ BJP में विलय की घोषणा

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से अलग होने की घोषणा करते हुए बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया है। संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि “हमने यह फैसला किया है कि हम..यानी राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का उपयोग करते हुए खुद को बीजेपी में विलय करते हैं।” राघव चड्ढा ने कहा कि आज सुबह हम सबने राज्यसभा चेयरमेन को अपने हस्ताक्षर किए हुए सभी दस्तावेज सौंप दिए हैं।

आम आदमी पार्टी पर लगाए मूल्यों से भटकने का आरोप

इस दौरान राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “जिस AAP को मैंने अपने खून-पसीने से खड़ा किया और अपनी जवानी के करीब 15 साल दिए, वह अब अपने मूल सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिक आधार से भटक चुकी है। मैं उनके गलत कामों का हिस्सा नहीं बनना चाहता था। मैं उनकी दोस्ती के योग्य भी नहीं था क्योंकि मैं उनके गलत कामों में शामिल नहीं था। हमारे पास सिर्फ दो विकल्प थे..या तो राजनीति छोड़कर पिछले 15-16 वर्षों के अपने सार्वजनिक काम से पीछे हट जाएं या फिर अपनी ऊर्जा और अनुभव के साथ सकारात्मक राजनीति करें। इसलिए हमने यह फैसला किया है कि हम, यानी राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का उपयोग करते हुए खुद को BJP में विलय कर रहे हैं।”

वीडियो साभार: एएनआई

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews