
Bhajan Lal Sharma On Paper Leak : पदभार ग्रहण करते ही राजस्थान के नवनियुक्त मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वादों पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने राजस्थान राज्य में पेपर लीक के मामलों को लेकर गहरी संवेदना जताई थी और इस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात की थी।
पेपर लीक पर लगेगी रोक, SIT का हुआ गठन
अब प्रधानमंत्री मोदी की इसी बात पर मुख्यमंत्री शर्मा ने फैसला लिया है और विशेष जांच समिति यानी SIT के गठन का फैसला लिया है। इस फैसला के पीछे का मकसद बताते हुए शर्मा ने कहा कि “हम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और घोषणा पत्र के सभी वादों को पूरा करते हुए काम कर रहे हैं, हम उन योजनाओं पर काम कर रहे हैं जिनसे जनता त्रस्त है, भविष्य में पेपर लीक जैसी घटना ना हो इसको लेकर हमने यह फैसला लिया है। इतना ही नहीं हमने अंत्योदय योजना के तहत काम करने का भी फैसला लिया है।”
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स भी होगी गठित- बोले सीएम भजन लाल
पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि, “ऐसा करने वाले अपराधियों को हम सख़्त से सख़्त सज़ा देंगे और साथ ही राज्य ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के लिए हम एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का भी गठन करेंगे।”
कॉंग्रेस ने भी की थी पेपर लीक की समस्या खत्म करने की बात
आपको बता दें पेपर लीक का मुद्दा भाजपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस के नेता भी पहले उठा चुके हैं। पिछले कई सालों में पेपर लीक के कई मामले राजस्थान राज्य में सामने आ चुके हैं और जिसके चलते राज्य सरकार को कहीं ना कहीं पेपर निरस्त करने पड़े हैं। आपको बता दें कि राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी इस मुद्दे को खत्म करने के लिए बड़ी मछलियों को पकड़ने की बात कही थी।

