महाकुंभ की व्यवस्था देखकर खुश हुई राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, कहा – ‘भगवान योगी जी को लंबी उम्र दें’

राज्यसभा सांसद और इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति प्रयागराज महाकुंभ पहुंचीं, जहां उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्था देखकर योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और भगवान से उनकी लंबी उम्र की कामना की।
महाकुंभ की व्यवस्था देखकर खुश हुई राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, कहा - 'भगवान योगी जी को लंबी उम्र दें'

प्रयागराज में महाकुंभ मेला चल रहा है। महाकुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बड़े-बड़े व्यापारी, राजनेता, फिल्म स्टार और क्रिकेटर भी इस संगम में स्नान करने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब राज्यसभा सांसद और समाजसेवी सुधा मूर्ति भी प्रयागराज महाकुंभ पहुंचीं। जहां वे त्रिवेणी संगम में स्नान करेंगी और पूर्वजों को तर्पण देंगी।

दरअसल, सांसद सुधा मूर्ति महाकुंभ की व्यवस्था देखकर प्रसन्न हो गईं हैं और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ की लंबी उम्र की कामना भी की।

मैंने तीन दिन का व्रत रखा: सुधा मूर्ति

दरअसल, प्रयागराज पहुंचने के बाद सुधा मूर्ति ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “मैंने तीन दिनों की मन्नत मांगी है। मुझे अपने नाना-नानी और दादा के नाम का तर्पण देना है, इसलिए मैंने तीन दिन का व्रत रखा है। महाकुंभ में तीन दिन स्नान करूंगी और उन्हें तर्पण दूंगी।” वहीं इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा है कि, “सीएम योगी ने बहुत अच्छा नेतृत्व किया है और यह पूरी व्यवस्था बेहतरीन है।”

भगवान उन्हें लंबी उम्र दें: सुधा मूर्ति

सुधा मूर्ति ने कहा, “मुझ पर मां गंगा मैया और भगवान का आशीर्वाद है कि मुझे महाकुंभ में शामिल होने का अवसर मिला। महाकुंभ में बहुत आनंद आ रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अच्छी व्यवस्था की है। पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। भगवान उन्हें लंबी उम्र दें।” बता दें कि प्रयागराज कुंभ 13 जनवरी से शुरू हो चुका है। संगम में पवित्र डुबकी लगाने के लिए करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। योगी सरकार ने महाकुंभ को लेकर व्यापक व्यवस्था की है। जगह-जगह सुरक्षाकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। महाकुंभ क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है। यह महाकुंभ मेला 26 फरवरी तक चलेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews