School News : स्कूली छात्रों को बड़ी राहत, इन राज्यों में शीतकालीन अवकाश घोषित, जानें कितने दिन बंद रहेंगे स्कूल

Schools Holiday : बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के चलते और छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए देश के विभिन्न राज्यों के स्कूलों में शीतकालीन अवकाश का ऐलान कर दिया गया है।आइए जानते हैं किस राज्य में कब तक स्कूल बंद रहेंगे और कब खुलेंगे...
school

नए साल की दस्तक से पहले उत्तर भारत के अधिकांश राज्य घने कोहरे, शीतलहर और भीषण ठंड की चपेट में है।तापमान में उतार चढ़ाव और बढ़ती ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है, ऐसे में छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए कई राज्य की सरकारों ने सरकारी और निजी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। यह छुट्टियां सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और सहायता प्राप्त सभी विद्यालयों पर भी समान रूप से लागू होंगी। आइए जानते हैं किस राज्य में कब से कब तक शीतकालीन अवकाश रहेगा….

मध्य प्रदेश में 4 जनवरी और राजस्थान में 5 जनवरी तक स्कूल बंद

  • कड़ाके की सर्दी और छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन ने 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। इस दौरान नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी शासकीय और निजी स्कूल बंद रहेंगे। 5 जनवरी से स्कूल संचालित किए जाएंगे।
  • राजस्थान में शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर 2025 से शुरू हो गया है। 5 जनवरी 2026 तक राज्य के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह अवकाश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। शिविरा पंचांग 2025-26 के अनुसार छुट्टियों की तारीखें तय की गई है।

यूपी में 14 और हरियाणा में 15 जनवरी तक स्कूल बंद

यूपी बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी परिषदीय स्कूलों में 31 दिसंबर 2025 से 14 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है। हरियाणा के भी शिक्षा विभाग ने स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों को लेकर सर्कुलर जारी कर दिया है, जिसके तहत सभी निजी और सरकारी स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्रों के लिए 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। शीतकालीन अवकाश के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए, पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार स्कूल बुलाया जा सकता है। सभी शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीनस्थ स्कूलों में आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर में फरवरी 2026 तक स्कूल बंद

पड़ाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर में फरवरी 2026 तक स्कूल बंद कर दिए गए है। प्रशासन के शेड्यूल के अनुसार, प्री-प्राइमरी कक्षाओं में 28 फरवरी 2026 तक अवकाश रहेगा और 1 मार्च को स्कूल खुलेंगे। कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल की छुट्टियां 11 दिसंबर 2025 से शुरू हो गई हैं और 22 फरवरी 2026 तक चलेगी।

दिल्ली में 1 से 15 जनवरी तक छुट्टी

दिल्ली शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक एकेडमिक कैलेंडर के मुताबिक, शीतकालीन अवकाश के चलते सभी निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त स्कूल 15 दिन बंद रहेंगे। सर्दी की छुट्टियां 1 जनवरी 2026 से शुरू होंगी और 15 जनवरी 2026 तक चलेंगी। हालांकि वायु प्रदूषण या ठंड के चलते शेड्यूल बदल भी सकता है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अधिक जानकारी के लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और संबंधित स्कूल से भी संपर्क में रहें।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews