राहुल गांधी के जन्मदिन पर शशि थरूर ने शायराना अंदाज़ में दी बधाई, देशभर से मिल रही है मुबारकबाद

शशि थरूर पिछले कुछ दिनों से अपनी बात कविताई में कह रहे हैं। भाषा पर उनकी पकड़ हमेशा से बेहतरीन रही है और अपनी बेहतरीन अंग्रेज़ी के लिए वो हमेशा से जाने जाते हैं। अब यही मुज़ाहिरा वो हिंदी और उर्दू में भी कर रहे हैं।
Rahul

Rahul Gandhi birthday : राहुल गांधी आज 54 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएँ और मुबारकबाद मिल रही है। कोई उन्हें जननायक कह रहा है तो कोई मोहब्बत की दुकान खोलने वाले को अपनी दुआएँ भेज रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी उन्हें बधाई दी है और वो भी ख़ास अंदाज़ में।

शशि थरूर का शायराना अंदाज़

शशि थरूर पिछले कुछ दिनों से शायराना मिज़ाज में हैं। दो दिन पहले प्रियंका गांधी के वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर उन्होंने लिखा था ‘न शक रहा न शंका..लो गई प्रियंका’। वहीं एक दिन पहले नीट परीक्षा पर उन्होंने ‘भरत’ को कोट करते हुए एक्स पर पोस्ट लिखी ‘बात पेपर की हो, उसके लूटने की हो, पेपर बिकने की हो, नीति सब अ-नीट हो, और तुम आँखें मूँद सो!’ अब आज राहुल गांधी के जन्मदिन पर भी उन्होंने कविताई में उन्हें बधाई देते हुए लिखा है-

‘जोशीले! तेरी जोश भरी चालों में एक तराना है
दाँतों उंगली दबा खड़ा, अचरज से भरा जमाना है
शोला है, तूफान है, साहस से भरी जवानी है
डूब गया जो टकराया, तू ऐसा चढ़ता पानी है!’

जारी है मुबारकबाद का सिलसिला

इस तरह शशि थरूर शायराना मूड में नज़र आ रहे हैं और किसी भी विषय पर उसी अंदाज़ में अपनी बात भी कह रहे हैं। आज राहुल गांधी 54 साल के हो गए हैं और कांग्रेस हेडक्वार्टर में प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य नेताओं ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। देशभर से नेता कार्यकर्ता उन्हें अलग अलग तरीक़े से बधाई दे रहे हैं। कहीं किसी ने उनका होर्डिंग लगाया है तो कहीं पोस्टर चिपके हैं। कहीं उनके साथ वाली तस्वीर के साथ बधाई संदेश प्रेषित किया गया तो कहीं उनकी बातों को उद्धृत कर मुबारकबाद दी जा रही है। और इसी क्रम में शशि थरूर ने भी अपने ख़ास अंदाज़ में राहुल को बधाई दी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews