आतंकी तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण, भारत पहुंचा 26/11 का मास्टरमाइंड, NIA जल्द पेश करेगी कोर्ट में

मुंबई आतंकी हमले की साज़िश रचने वाले राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर गुरुवार सुबह भारत लाया गया। एक विशेष विमान से दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उसकी लैंडिंग हुई, जहां एनआईए और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपनी हिरासत में लिया। राणा का प्रत्यर्पण भारत की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Terrorist Tahawwur Rana

Terrorist Tahawwur Rana Extradited to India : 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर हुसैन राणा को आखिरकार अमेरिका से भारत ले आया गया है। गुरुवार सुबह एक विशेष विमान के जरिए राणा को दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतारा गया। इस ऑपरेशन को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अंजाम दिया। भारत पहुंचने के बाद एनआईए ने तुरंत राणा को हिरासत में ले लिया।

राणा का प्रत्यर्पण न सिर्फ मुंबई हमले के रपीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को भी मजबूत करता है। आने वाले दिनों में राणा से पूछताछ के आधार पर इस मामले में नए खुलासे होने की भी संभावना है।

भारत लाया गया तहव्वुर राणा

तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है। वो 2008 के मुंबई हमलों में अपनी अहम भूमिका के लिए कुख्यात है। राणा लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी डेविड कोलमैन हेडली का सहयोगी रहा है। अमेरिका में लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद उसका प्रत्यर्पण संभव हुआ है। इसी माह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राणा के भारत प्रत्यर्पण की अनुमति दी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली लाया गया। दिल्ली पहुंचने पर, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उन्हें हिरासत में लिया और उनकी चिकित्सकीय जांच के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। ​

जल्द पेश किया जाएगा कोर्ट में

आज दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे एनआईए के विशेष दस्ते ने अपनी हिरासत में लिया। इस दौरान सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस की विशेष सेल के कमांडो और बुलेटप्रूफ वाहनों का काफिला तैनात किया गया था। सूत्रों के अनुसार, उसे सीधे एनआईए मुख्यालय ले जाया जाएगा जहां उसका मेडिकल परीक्षण होगा। इसके बाद उसे दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां एनआईए उसकी रिमांड की मांग करेगी। कोर्ट से अनुमति मिलने पर संभावना है कि राणा को तिहाड़ जेल के उच्च सुरक्षा वार्ड में रखा जाएगा और उससे पूछताछ की जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews