गणतंत्र दिवस परेड में नजर आएगा महिला शक्ति का शौर्य, घर बैठे बुक करें अपना टिकट

Republic Day

Republic Day Parade: गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ नजर आएगा। गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड भी निकल जाती है और बड़ी संख्या में लोग इसका आनंद लेने के लिए पहुंचते हैं। इस बार कर्तव्य पथ पर होने वाली इस परेड का अंदाज थोड़ा जुदा होने वाला है। 26 जनवरी को होने वाली इस परेड में मार्चिंग, बैंड और मोटरसाइकिल की टुकड़ियां सिर्फ महिलाओं की होगी जो जबरदस्त प्रदर्शन करती दिखाई देंगी। जानकारी के मुताबिक बीएसएफ सीआरपीएफ और सशस्त्र सीमा बल की महिला कर्मियों की संयुक्त डेयरडेविल बाइकर्स टीम परेड में पहली बार अपना कारनामा दिखाएगी।

350 सीसी रॉयल एनफील्ड बुलेट पर सवार होकर यह महिलाकर्मी भारतीय वायु सेना के विमान के पहुंचने से पहले परेड मार्ग से होती हुई गुजरेंगी। इसी के साथ आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी और बीएसएफ की महिला मार्चिंग और बैंड की टीम परेड के दौरान सीएपीएफ टुकड़ी का हिस्सा बन रायसिना हिल्स पर चढ़ाई करेंगी।

सिर्फ महिलाकर्मी करेंगी मार्चिंग

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली इस परेड में मार्चिंग और बैंड की टुकड़ियों में इस बार सिर्फ महिलाओं को शामिल किया जाएगा। हर मार्चिंग टुकड़ी में 144 कर्मी शामिल होंगे वहीं बैंड में 72 लोगों का दल होगा।

ऑनलाइन बुक करें परेड टिकट

दिल्ली में निकलने वाली गणतंत्र दिवस की परेड काफी भव्यता के साथ निकाली जाती है। सुबह 10 बजे यह विजय चौक से शुरू होती है और 5 किलोमीटर का सफर तय करते हुए नेशनल स्टेडियम पर इसका अंतिम पड़ाव होता है। अगर आप इस परेड को देखना चाहते हैं तो अपना टिकट बुक करवा सकते हैं। भारत की समृद्ध संस्कृति और इतिहास को प्रदर्शित करने वाली इस परेड का दीदार करने के लिए देशभर से लोग यहां पर पहुंचते हैं। भारतीय नागरिक यहां पर सीट ले सकते हैं जिसकी बुकिंग 10 जनवरी से शुरू हो चुकी है। इसकी टिकट 20 से 100 रुपए तक की होती है। 25 जनवरी तक टिकट बुक करवाए जा सकते हैं।

कैसे होगी बुकिंग

  • अगर आप टिकट बुकिंग करवाना चाहते हैं तो आपको रक्षा मंत्रालय की ऑफिशियल वेबसाइट www.aamantran.mod.gov.in पर जाकर अपना अकाउंट बनाना होगा।
  • यहां पर आपको अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। उसके बाद आपके पास एक ओटीपी आएगा।
  • ओटीपी वेरीफाई करने के बाद दिए गए विकल्पों में से आपको कार्यक्रम चुनना होगा जिसमें गणतंत्र दिवस परेड, बीटिंग द रिट्रीट और एफडीआई गणतंत्र दिवस परेड शामिल है।
  • विकल्प चुनने के बाद आपको फोटो आईडी अपलोड करना होगा और अपना टिकट डाउनलोड करना होगा।

घर बैठे देखें प्रसारण

अगर आप गणतंत्र दिवस की परेड अपने घर से देखना चाहते हैं तो इसके लिए आप दूरदर्शन के यूट्यूब चैनल का सारा ले सकते हैं और इसके अलावा प्रेस ब्यूरो ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी इसे ऑनलाइन दिखाया जाएगा। दूरदर्शन पर टेलीविजन के जरिए भी आप इसे देख सकते हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews