शायर मुनव्वर राणा के घर चोरी, चोरों ने 40 लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया

शायर मुनव्वर राणा के घर चोरी, चोरों ने 40 लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया

Theft at Munawwar Rana house : मशहूर शायर मुनव्वर राणा के घर चोरी हो गई है। चोरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वो बीमारी की वजह से अस्पताल में भर्ती है। वे पिछले साल से ही लगातार बीमार चल रहे हैं और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। इस बीच चोरी की वारदात से घरवालों की परेशानी और बढ़ गई है। उनकी बेटी सुमैया ने बताया कि चोरों ने करीब 40 लाख के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया है।

मुनव्वर राणा लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एफआई ढींगरा अपार्टमेंट के फ्लैट में रहते हैं। इस साल मई में उनकी तबियत काफी खराब हो गई थी और 25 मई को नाजुक हालत में उन्हें अपोलो अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था। इस समय भी वे पीजीआई में एडमिट है। उनकी तबियत के कारण घर के बाकी सदस्य तीमारदारी के लिए लगातार अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं और कई बार वे अस्पताल में ही रुक जाते हैं। इसी बीच चोरों ने मौका पाकर उनके घर में सेंध लगा दी।

उनकी बेटी सुमैया ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि चोरी गई ज्वैलरी मुनव्वर राणा की बेटी फौजिया की थी। उन्होने एक बैग में रखकर सारे जेवर स्टोर रूम में रख दिए थे। उनकी कीमत करीब 40 लाख रूपये बताई जा रही है। इस मामले में सेंट्रल जोन डीसीपी का कहना है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और शिकायत के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews