सावरकर का अपमान कर घिरे राहुल गांधी, अपनों ने ही दी चेतावनी, पड़ ना जाये दोस्ती में दरार 

सावरकर का अपमान कर घिरे राहुल गांधी, अपनों ने ही दी चेतावनी, पड़ ना जाये दोस्ती में दरार 

Uddhav Thackeray angry on Rahul Gandhi for insulting Savarkar : राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता जाने के बाद से अब ज्यादा आक्रामक दिखाई दे रहे हैं, भाजपा पर निशाना साधते समय बार बार वीर सावरकर का नाम लेकर मांफी नहीं मांगने की बात कहने वाले राहुल गांधी अब अपनों के ही निशाने पर आ गए हैं, महाराष्ट्र में  राहुल की पार्टी कांग्रेस के सहयोगी और भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी को चेतावनी दी है कि “सावरकर का अपमान करना बंद करें , सावरकर हमारे लिए भगवान जैसे हैं, उनका अनादर स्वीकार नहीं होगा यदि आपने ये नहीं रोका तो गठबंधन में दरार आ सकती है।

उद्धव ने मोदी सरकार और शिंदे सरकार को घेरा 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रविवार को मालेगांव में एक सभा को संबोधित कर रहे थे, उन्होंने मंच से महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार और केंद्र की मोदी सरकार को किसानों सहित बेरोजगारी महंगाई कई मुद्दों पर घेरा। उसके बाद उद्धव ठाकरे राहुल गांधी पर जमकर बरसे।

सावरकर हमारे लिए भगवान : उद्धव 

मराठी में बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, सावरकर ने 14 साल तक अंडमान सेलुलर जेल में अकल्पनीय यातनाएं झेली हैं। हमने उन पर हुए अत्याचार के बारे में केवल पढ़ा ही है, ये एक बड़ा बलिदान है। उन्होंने कहा कि हम सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उद्धव ने कहा  ‘वीर सावरकर हमारे भगवान जैसे हैं और उनके प्रति कोई भी अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन अपने देवताओं का अपमान करना ऐसी चीज नहीं है जिसे हम बर्दाश्त करेंगे।”

गठबंधन में दरार की दी चेतावनी 

उद्धव ठाकरे ने कहा “मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि हम भारत जोड़ो यात्रा में साथ चले क्योंकि यह लोकतंत्र बचाने से जुड़ा प्रयास था  हम लोकतंत्र बचाने में आपके साथ हैं, लेकिन ऐसे बयान न दें जिनकी वजह से हमारे बीच दरारें पैदा हों। उद्धव ने भाजपा की तरफ इशारा करते हुए राहुल गांधी से कहा कि वे आपको भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, अगर हम आज चूकेंगे तो देश निश्चित रूप से तानाशाही की ओर जाएगा।”

सावरकर पर क्या कहा है राहुल गांधी ने

विदेश में भारत के बारे में कही गई बातों के लिए भाजपा राहुल गांधी से माफ़ी मांगने की जिद पर अड़ी है, इसके अलावा हाल ही में मोदी सरनेम मामले में 2 साल की सजा और लोकसभा की सदस्यता जाने के बाद मीडिया द्वारा इस मामले में कोर्ट में माफ़ी नहीं मांगने के सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा “मैं माफ़ी नहीं मांगूंगा, मैं सावरकर नहीं हूँ, मैं गांधी हूँ और गांधी माफ़ी नहीं मांगता। राहुल गांधी ने ऐसा पहली बार नहीं किया वे बार बार वीर विनायक सावरकर का अपमान कर रहे हैं, अब उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी को चेतावनी दी है कि यदि वे इसी तरह वीर सावरकर का अपमान करते रहे, तो इसका असर विपक्षी एकता पड़ेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews