बीरभूम में बोले अमित शाह, “दीदी को टाटा-बाय-बाय कहने का निर्णय बंगाल की जनता ने ले लिया है”

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा ममता दीदी का कोई भी गुंडा आपका बाल भी बांका नहीं कर पाएगा। चुनाव आयोग ने 800 से ज्यादा कंपनियां भेजकर यहां पर शांतिपूर्ण मतदान की व्यवस्था की है, किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है।
Amit Shah's Birbhum rally

Amit Shah’s Birbhum rally

पश्चिम बंगाल में चुनावी घमासान तेज होता जा रहा है, भारतीय जनता पार्टी इस बार सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह सहित बड़े नेताओं के लगातार दौरे हो रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि इस बार ममता बनर्जी सरकार की विदाई तय है, अमित शाह इसी क्रम में आज बीरभूम जिले के बोलपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे, उन्होंने टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अमित शाह को सुनने के लिए बोलपुर में भारी संख्या में जनसमूह आया था, गृह मंत्री ने कहा मैं पूरे बंगाल में घूम रहा हूँ अब यहाँ आया हूँ, आप लोगों के उत्साह को देखकर मैं विश्वास के साथ कह सकता हूँ – बंगाल में नई सरकार बनने वाली है और ये सरकार भाजपा की होगी, बंगाल की जनता ने “दीदी” को टाटा- बाय-बाय का मन बना लिया है।

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा-  दीदी, आपके गुंडों के बम धमाकों से बंगाल की जनता अब नहीं डरेगी। बंगाल की जनता बम का जवाब बैलेट से देने वाली है और भय का जवाब भरोसे से देने वाली है। उन्होंने जनत से कहा-  मैं आप लोगों को कहकर जाता हूं कि आप बैलेट मशीन पर कमल का निशान दबाइए, ममता के सारे गुंडों को ढूंढने के काम भाजपा की सरकार करेगी।

अमित शाह ने मतदाताओं से कहा इस बार बीरभूम को सभी 11 सीटें जीतकर एक रिकॉर्ड बनाना है और भाजपा सरकार बनाना है, उन्होंने कहा आप लोग कटमनी और सिंडिकेट से परेशान हैं, किसी गरीब को घर बनाने के लिए ईंट लानी हैं, तो ममता के सिंडिकेट वाले पैसे मांगते हैं, सीमेंट लाना है, तो भी पैसे देने पड़ते हैं। आप ममता को यहां से निकाल दो, कटमनी और सिंडिकेट वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भाजपा की सरकार करेगी।

बंगाल में अब शुरू होने वाला है विकास का नया दौर 

अमित शाह ने कहा बंगाल में अब विकास का नया दौर शुरू होने वाला है, 4 मई के बाद बंगाल में डबल इंजन सरकार बनने वाली है, टीएमसी सरकार पर भड़कते हुए गृह मंत्री ने कहा टीएमसी ने मयूरेश्वर को बम और बारूद की खदान बना दिया है। उन्होंने कहा 2013 से लेकर 2021 तक हमारे कार्यकर्ताओं को बहुत परेशान किया है। चेतावनी देते हुए अमित शाह ने कहा- मैं आज TMC के गुंडों को कहकर जाता हूं, 23 अप्रैल को अपने घर में बंद रहना, वरना 5 मई को चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम हम करेंगे।

सरकार बनते ही BSF को मिलगी बाड़ लगाने के लिए भूमि  

गृह मंत्री ने कहा ये चुनाव ये चुनाव घुसपैठियों को निकालने का चुनाव है। ममता दीदी और भतीजा उनको नहीं निकाल सकते। ये तो BSF को बाड़ लगाने के लिए भूमि भी नहीं देते हैं। हमने तय किया है कि भाजपा सरकार बनते ही 45 दिन में पूरी बंगाल की सीमा पर बाड़ लगाने के लिए भूमि दे दी जाएगी। ये भाजपा का वादा है कि न केवल बंगाल, बल्कि देशभर से चुन-चुनकर घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने का काम हम करेंगे।

अमित शाह ने जनता से किये ये वादे 

  • ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम के 7 बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए। आप एक बार भाजपा सरकार बना दीजिए, हम ऐसा बंगाल बनाएंगे, जहां रात को 1 बजे भी छोटी बच्ची स्कूटी पर निकल सकेगी।
  • कोई संदेशखाली, आरजी कर, दुर्गापुर लॉ कॉलेज या साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज जैसी घटना नहीं होगी।
  • भाजपा ने तय किया है कि हम UCC लगाएंगे। UCC लगने के बाद 4 शादी करने वालों की शादियां बंद हो जाएंगी।
  • हम सातवां वेतन आयोग हर सरकारी कर्मचारी को देंगे।
  • बहनों के खाते में हर महीने ₹3 हजार जमा हो जाएंगे।
  • गर्भवती माताओं को ₹21 हजार देंगे। यहां के बेरोजगार युवाओं को हम हर महीने ₹3,000 देने का काम करेंगे।
Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews