विश्व पर्यावरण दिवस: दिल्ली को 18 नमो ऑक्सीजन पार्क की सौगात, जनता से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का हिस्सा बनने की अपील

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जनआंदोलन बताते हुए नागरिकों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण का भी आह्वान किया।
World Environment Day Delhi 18 Namo Oxygen Park inaugurated

World Environment Day Delhi 18 Namo Oxygen Park inaugurated

विश्व पर्यावरण दिवस पर आज पूरी दुनिया हरियाली को बचाने के सन्देश दे रही है, पर्यावरण को सुरक्षित रखने, पौधे  लगाने की अपील कर रही है, पौधों से होने वाले लाभ की जानकारी शेयर कर रही है, भारत में भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, इसी क्रम में दिल्लीवासियों को आज 18 नमो ऑक्सीजन पार्क की सौगात मिली।

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली में 18 नमो ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन किया, इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण की शुरुआत की। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन शाहपुर गढ़ी में तैयार नमो ऑक्सीजन पार्क में किया गया, कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, दिल्ली सरकार के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में मानवता के सामने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता में कमी और भूमि क्षरण जैसी तीन बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरा है।

ऑक्सीजन पार्क बनेंगे शहर के ग्रीन लंग्स: यादव 

केंद्रीय मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनआंदोलन बताते हुए नागरिकों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण का भी आह्वान किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में विकसित किए गए 18 नमो ऑक्सीजन पार्क शहर के ‘ग्रीन लंग्स’ के रूप में कार्य करेंगे। ये पार्क वायु गुणवत्ता सुधारने, जैव विविधता को बढ़ावा देने और नागरिकों को मनोरंजन एवं प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करेंगे।

इस साल दिल्ली में 15 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा दिल्ली की हवा को साफ़ रखने वायु गुणवत्ता को सुधारने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे, उन्होंने कहा दिल्ली में 100 ऑक्सीजन पार्क बनाने की बात मैंने कही थी आज 18 पर काम शुरू हो गया है उन्होंने कहा 15 लाख पेड़ इस साल लगाने हैं इसके लिए पौध और जगह हम देंगे लेकिन पेड़ हम सब मिलकर लगायेंगे हर दिल्लीवासी पेड़ लगाएगा।

एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने की अपील 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनता की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।  मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ें, एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और ग्रीन दिल्ली मिशन का हिस्सा बनें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली को डस्ट-फ्री रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews