पौष पूर्णिमा के अवसर पर राम मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, लगी लंबी कतार, पहले दिन चढ़ावे में आए करोड़ों रुपए

ram mandir

Ayodhya Temple: अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही लोगों में दर्शन का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतिष्ठा के दूसरे दिन ही भारी संख्या में लोग राम मंदिर पहुंचे। आज पौष पूर्णिमा है और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का तीसरा दिन है। इस अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर में एक-एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। मंदिर प्रशासन के द्वारा भक्तों को दर्शन के लिए 15 मिनट का समय दिया गया है।

आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि आज पौष पूर्णिमा का पर्व है। जिसमें लोग पवित्र नदी में स्नान करते हैं। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने का विशेष महत्व है, जिसके चलते भक्त सरयू नदी में स्नान के बाद भारी संख्या में पैदल चलकर मंदिर पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं भीड़ इतनी ज्यादा है कि भक्तों को एक-एक किलोमीटर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। भक्तों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। भक्तों का सामान सार्वजनिक सुविधा केंद्र में रखा जाता है, जिसके बाद भक्तों की चेकिंग की जाती है।

इस तरह श्रद्धालुओं की भारी संख्या शासन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। भीड़ को देखते हुए दर्शन अवधि को बढ़ाकर शाम 7 से रात 10 बजे तक करना पड़ा। मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों को 15 मिनट का समय दिया जा रहा है। सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

पहले ही दिन भक्तों ने राम मंदिर में कितने रुपए का किया दान

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन आम भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे ही दिन यानी 23 जनवरी को भारी संख्या में भक्तों की भीड़ राम मंदिर पहुंची। भीड़ इतनी ज्यादा रही की तमाम बंदोबस्त भी बिगड़ने लगे। पुलिस और प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य किया गया। आपको बता दें, पहले दिन रामलला के दर्शन के लिए एक भक्त को करीब एक से डेढ़ घंटे का समय मिल रहा था, लेकिन अब दर्शन अवधि घटाकर केवल 15 मिनट कर दी गई है। पहले ही दिन भक्तों द्वारा रामलला को 3.17 करोड़ रुपए का दान किया गया।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews